सीएम की योगशाला के तहत अमृतसर में रोजाना चल रही हैं 248 कक्षाएं: डिप्टी कमिश्नर
अपने मोहल्ले में योग कक्षाएं शुरू करवाने के लिए 76694-00500 नंबर पर करें कॉल

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 17 फरवरी 2026: पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही “युद्ध नशों के विरुद्ध” मुहिम के तहत नशा छोड़ने के इच्छुक युवाओं को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सीएम की योगशाला एक वरदान साबित हो रही है। मुख्यमंत्री Bhagwant Mann की पहल पर शुरू की गई सीएम की योगशाला के अंतर्गत नशा मुक्ति केंद्रों में नियमित रूप से योग कक्षाएं आयोजित की जा रही हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि अमृतसर के Guru Nanak Dev Hospital में स्थित स्वामी विवेकानंद नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र में सुबह और शाम सीएम की योगशाला के तहत योग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। योग प्रशिक्षक सुनील कुमार द्वारा प्रतिदिन लगभग 50 लोगों को योग सिखाया जा रहा है। इन सत्रों में ध्यान, सूक्ष्म व्यायाम, हास्य थेरेपी, ताली व्यायाम, योग आसन और प्राणायाम जैसी गतिविधियां शामिल हैं, जो मरीजों को तनाव कम करने और स्वस्थ बनने में सहायता करती हैं।
ये योग अभ्यास नशा छोड़ रहे मरीजों को मानसिक और शारीरिक रूप से सशक्त बना रहे हैं, जिससे युवा नशा त्यागकर सामान्य जीवन की ओर लौट रहे हैं।
नशा मुक्ति केंद्र में आए युवाओं ने बताया कि योग करने से उनके शरीर की लचीलापन बढ़ा है और नशा छोड़ने के दौरान होने वाला दर्द भी कम हो रहा है। उन्होंने कहा कि योग से वे अब स्वयं को अधिक स्वस्थ महसूस कर रहे हैं। एक अन्य युवक ने बताया कि दुर्घटना के कारण उसकी टांग में लंबे समय से दर्द था, जो योग अभ्यास से धीरे-धीरे ठीक हो रहा है।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि सीएम की योगशाला के तहत जिले में कुल 248 योग कक्षाएं संचालित हो रही हैं और 66 योग प्रशिक्षक नियुक्त किए गए हैं। ये कक्षाएं पूर्णतः निःशुल्क हैं और बड़ी संख्या में लोग इनका लाभ उठा रहे हैं। इनमें से 105 कक्षाएं शहरी क्षेत्रों में तथा 143 कक्षाएं ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही हैं, जहां लोग नियमित रूप से भाग लेकर स्वयं को निरोग बना रहे हैं। ये कक्षाएं सुबह और शाम दोनों समय आयोजित की जाती हैं।
सीएम योगशाला के अमृतसर जिला समन्वयक संजय सिंह ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य नशे की दलदल में फंसे लोगों को नया जीवन देना और उन्हें आत्मनिर्भर व आत्मविश्वासी बनाना है। नशा छोड़ने के इच्छुक लोग इस पहल में उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामान्य जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का यह कदम नशा मुक्ति के क्षेत्र में एक नया मील का पत्थर साबित हो रहा है, जिससे न केवल नशा पीड़ितों बल्कि पूरे समाज को लाभ मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि निःशुल्क योग कक्षाओं का लाभ उठाने के लिए वेबसाइट cmdiyogshala.punjab.gov.in पर पंजीकरण कराया जा सकता है तथा अपने मोहल्ले में योग कक्षाएं शुरू करवाने के लिए 76694-00500 नंबर पर कॉल किया जा सकता है।
Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र