Breaking News

खन्ना में मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंध की अगुवाई में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बड़ा कदम, महिलाओं के लिए रोजगार और स्वास्थ्य क्रांति को नई दिशा


कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंध की मौजूदगी में रामगढ़िया भवन खन्ना में लगा विशाल रोजगार एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, 195 महिलाओं का रोजगार के लिए चयन, 50 को मौके पर जॉब लेटर


कल्याण केसरी न्यूज़, खन्ना / लुधियाना, 19 फरवरी 2026: खन्ना में पंजाब सरकार की ओर से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए एक और सराहनीय कदम उठाया गया। जिला प्रशासन लुधियाना द्वारा रामगढ़िया भवन खन्ना में महिलाओं के लिए विशाल रोजगार एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जो सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक सफलतापूर्वक चला। इस महत्वपूर्ण शिविर में खन्ना से विधायक एवं पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंध ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर पंजाब सरकार की जनहितैषी सोच को धरातल पर उतारने का स्पष्ट संदेश दिया।यह शिविर डिप्टी कमिश्नर लुधियाना हिमांशु जैन के मार्गदर्शन में विभिन्न सरकारी एवं अर्ध-सरकारी विभागों के सहयोग से लगाया गया। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को रोजगार के नए अवसर प्रदान करना, उनकी स्वास्थ्य देखभाल सुनिश्चित करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना था।कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंध ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि एक बड़ी सोच और सामाजिक बदलाव का अभियान है, जिसके तहत महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के समान अवसर दिए जा रहे हैं।उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा राज्य के सभी जिलों में इस तरह के शिविर लगातार लगाए जा रहे हैं, ताकि हर महिला तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके। उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वस्थ और आत्मनिर्भर बनाना एक मजबूत और प्रगतिशील समाज की नींव है।शिविर के दौरान 25 से अधिक प्राइवेट और अर्ध-सरकारी कंपनियों द्वारा अपने-अपने बूथ लगाए गए। जिला लुधियाना के विभिन्न कॉलेजों से 697 छात्राओं और महिलाओं ने मौके पर इंटरव्यू दिए। उनकी योग्यता, हुनर और शैक्षणिक क्षमता के आधार पर 195 महिलाओं का रोजगार के लिए चयन किया गया, जबकि लगभग 50 महिलाओं को मौके पर ही जॉब लेटर जारी किए गए। ये आंकड़े इस बात का प्रमाण हैं कि पंजाब सरकार के प्रयास सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं, बल्कि धरातल पर बड़े परिणाम दे रहे हैं।इसी तरह स्वास्थ्य शिविर के दौरान अनुभवी डॉक्टरों की टीमों द्वारा 341 मरीजों का नि:शुल्क मेडिकल चेकअप किया गया। इसमें ब्लड प्रेशर, शुगर, हीमोग्लोबिन, हृदय जांच और अन्य सामान्य बीमारियों की स्क्रीनिंग की गई। आवश्यक दवाइयां नि:शुल्क दी गईं और महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सलाह भी प्रदान की गई। मंत्री सौंध ने कहा कि मान सरकार की स्वास्थ्य क्रांति का उद्देश्य हर नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण और नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।शिविर में सखी वन स्टॉप सेंटर लुधियाना की ओर से भी एक विशेष जागरूकता स्टॉल लगाई गई, जहां महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा सेवाओं और सरकारी सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कैबिनेट मंत्री ने सखी वन स्टॉप सेंटर द्वारा दी जा रही सेवाओं की खुलकर सराहना की और महिलाओं से इन सुविधाओं का भरपूर लाभ उठाने की अपील की।इस मौके पर गुरमीत सिंह जिला कार्यक्रम अधिकारी लुधियाना, संदीप कुमार तहसीलदार खन्ना, दीपक भल्ला डिप्टी सीईओ जिला रोजगार सृजन एवं कौशल विकास लुधियाना, नीतिका ढींगरा सीडीपीओ डेहलों, दविंदर कौर सीडीपीओ अर्बन-4, अंजू सिंगला सीडीपीओ अर्बन-1, रविंदरपाल कौर सीडीपीओ सुधार तथा मंजू भंडारी सीडीपीओ माछीवाड़ा सहित इलाके की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।अंत में कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंध ने कहा कि पंजाब सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव प्रयास कर रही है और आने वाले समय में इस तरह के और भी बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। खन्ना में लगाया गया यह शिविर पंजाब सरकार की जनहितैषी नीतियों का जीवंत उदाहरण है, जो शिक्षा क्रांति, स्वास्थ्य क्रांति और रोजगार सृजन के मजबूत संकल्प को दर्शाता है।

Check Also

पिछली सरकारों के कार्यकाल में बैलगाड़ियों की दौड़ों पर रोक लगी थी, हमने कानून में संशोधन कर फिर से शुरू किया: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान

कल्याण केसरी न्यूज़, लुधियाना, 19 फरवरी 2026: भगवंत सिंह मान ने आज ऐतिहासिक किला रायपुर …