कैबिनेट मंत्री ने गेहरी मंडी में सखियों को किया सम्मानित

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 5 नवंबर 2026: राज्य के लोक निर्माण मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. द्वारा आज विधानसभा हलका जंडियाला गुरु के गांव गेहरी मंडी में माताओं-बेटियों सम्मान योजना को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में अहम योगदान देने वाली सखियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सखियों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि मुख्यमंत्री माताओं-बेटियों सम्मान योजना आम आदमी पार्टी की सरकार की एक प्रमुख योजना है, जिसके तहत राज्य की माताओं और बेटियों को आर्थिक सहायता के रूप में मासिक सम्मान राशि दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत अनुसूचित जाति वर्ग की लाभार्थी महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह तथा सामान्य वर्ग से संबंधित महिलाओं को 1000 रुपये प्रति माह सम्मान राशि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि गत 1 नवंबर को मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान द्वारा अबोहर में आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान माताओं-बेटियों को सम्मान राशि जारी की गई थी और आगामी 1 दिसंबर को इसकी अगली किस्त जारी की जाएगी।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस योजना के माध्यम से पंजाब सरकार ने माताओं और बेटियों को सम्मान देने का प्रयास किया है। योजना के लाभों को घर-घर और जमीनी स्तर तक पहुंचाने में सखियों ने बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिसके लिए वे बधाई और धन्यवाद की पात्र हैं।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने जनता से किए वादों और दी गई गारंटियों को पूरा करने के लिए लगातार काम किया है तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र