‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत संत नगर में करवाया गया कबड्डी का शो मैच

एसएचओ सुमनप्रीत कौर ने युवाओं को नशों से दूर रहने और खेलों से जुड़ने के लिए किया प्रेरित

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 5 नवंबर 2026: पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम के तहत नशों के खिलाफ जागरूकता पैदा करने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा खेल विभाग के सहयोग से नशों के हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताएं करवाई जा रही हैं।
इसी कड़ी के तहत आज ब्लॉक वेरका के वार्ड नंबर 18, संत नगर में कबड्डी का शो मैच करवाया गया। इस अवसर पर थाना वेरका की एसएचओ मैडम सुमनप्रीत कौर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उनके साथ श्री हरपाल सिंह निज्जर, वार्ड इंचार्ज भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर एसएचओ सुमनप्रीत कौर ने युवाओं को नशों जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने और अधिक से अधिक खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना भी पैदा करते हैं। युवाओं को खेलों से जोड़कर उन्हें नशों से दूर रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा जिले के 56 गांवों और शहरी क्षेत्रों को नशों के हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया है। पंजाब सरकार के निर्देशों के अनुसार खेल विभाग द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से 27 अक्टूबर से 14 नवंबर 2026 तक हर सप्ताह विभिन्न गांवों और क्षेत्रों में अलग-अलग खेल प्रतियोगिताएं करवाई जा रही हैं।
इस अवसर पर खेल विभाग की ओर से श्रीमती नीतू, कबड्डी कोच और श्री शिवम शर्मा, जूडो कोच भी उपस्थित थे।

Check Also

नारी निकेतन, अमृतसर में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाई गई दिवाली

जिला एवं सत्र न्यायाधीश जतिंदर कौर ने नारी निकेतन का दौरा कर निवासियों के साथ …