Breaking News

पंजाब विधानसभा चुनाव-2027 के मद्देनज़र ईवीएमस और वीवीपीएटी मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच की प्रक्रिया जारी

जिला चुनाव अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से जांच प्रक्रिया में शामिल होने की अपील की

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 14 नवंबर 2026: भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय ढंग से संपन्न करवाने के लिए जिला अमृतसर में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएमस) और वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपीएटीस) की प्रथम स्तरीय जांच (फर्स्ट लेवल चैकिंग – एफएलसी) की प्रक्रिया 12 नवंबर, 2026 से शुरू हो चुकी है, जो लगातार जारी है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला चुनाव अधिकारी-कम-डिप्टी कमिश्नर अमृतसर श्री दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि यह जांच भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) के अधिकृत एवं अनुभवी इंजीनियरों द्वारा चुनाव विभाग के अधिकारियों की निगरानी में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों और मानकों के अनुसार की जा रही है।
उन्होंने बताया कि जिला अमृतसर में ईवीएमस और वीवीपीएटीस की प्रथम स्तरीय जांच के लिए एफएलसी हॉल, ईवीएम वेयरहाउस, दबुर्जी, जी.टी. रोड, अल्फा इंटरनेशनल सिटी के निकट विशेष प्रबंध किए गए हैं। यह प्रक्रिया प्रतिदिन सुबह 9:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक जारी रहती है।
उन्होंने कहा कि एफएलसी के दौरान ईवीएमस और वीवीपीएटीस की कार्यक्षमता, तकनीकी स्थिति और विश्वसनीयता की बारीकी से जांच की जा रही है। इसके साथ ही मशीनों की स्कैनिंग तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार अन्य आवश्यक तकनीकी प्रक्रियाएं भी पूरी की जा रही हैं, ताकि आगामी विधानसभा चुनावों के दौरान इनका सुचारू एवं निर्बाध उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और राजनीतिक दलों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। इसके तहत जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को एफएलसी के दौरान उपस्थित रहने और अपनी मौजूदगी में मशीनों की जांच की पूरी प्रक्रिया देखने का अवसर दिया जा रहा है।
उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपील की कि वे एफएलसी के दौरान अपने अधिकृत प्रतिनिधियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें, ताकि वे इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया के प्रत्येक चरण के साक्षी बन सकें।
उन्होंने कहा कि ईवीएमस और वीवीपीएटीएस की प्रथम स्तरीय जांच की पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नियमों और दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए सुरक्षा, पारदर्शिता और निरंतर निगरानी के तहत संपन्न की जा रही है।
इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य चुनाव प्रणाली में आम जनता के विश्वास को और मजबूत करना तथा पंजाब विधानसभा चुनाव-2027 के लिए सुचारू, निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय चुनाव व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

Check Also

तरनतारन के नौशहरा पन्नूआं के पास दो बसों की आपसी टक्कर में 5 लोगों की मौत, कई घायल

कल्याण केसरी न्यूज़, तरनतारन, 14 नवंबर 2026: तरनतारन के डिप्टी कमिश्नर डॉ. निर्मल ओसेपचन ने …