शहीद करतार सिंह सराभा के आदर्श और शहादत हमें देश सेवा के लिए प्रेरित करते हैं: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान


कल्याण केसरी न्यूज़, सराभा (लुधियाना), 16 नवंबर 2026: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज शहीद करतार सिंह सराभा के 111वें शहीदी दिवस के अवसर पर उनके पैतृक गांव पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए फांसी के फंदे को चूमने वाले इस 19 वर्षीय क्रांतिकारी को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम न्याय, समानता, मानवता और प्रगति पर आधारित समाज का निर्माण करें। शहीदों के सम्मान और नई पीढ़ी को पंजाब की गौरवशाली विरासत से जोड़ने के लिए अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ऐसे प्रगतिशील पंजाब के निर्माण के लिए काम कर रही है, जिसका सपना शहीदों ने देखा था।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने गांव को एक नया ‘आम आदमी क्लीनिक’ समर्पित किया और गांव के स्पोर्ट्स क्लब को 51 लाख रुपये की ग्रांट सौंपी। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे मिल-जुलकर शहीदों के सपनों का ‘रंगला पंजाब’ बनाने में योगदान दें।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “शहीद करतार सिंह सराभा ने मात्र 19 वर्ष की आयु में फांसी के फंदे को चूम लिया था। इससे साबित होता है कि साहस, दृढ़ संकल्प और मातृभूमि के प्रति प्रेम की कोई उम्र नहीं होती। जिस उम्र में आज के युवा अपने भविष्य की योजनाएं बना रहे होते हैं, उस उम्र में यह महान क्रांतिकारी देश की आजादी की योजना बना रहे थे। उन्होंने हमारी आजादी के लिए अपनी जवानी, अपने सपने और अंत में अपना जीवन कुर्बान कर दिया। हम ऐसे शहीदों का कर्ज कभी नहीं चुका सकते, लेकिन पंजाब और देश की तरक्की के लिए स्वयं को समर्पित करके उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि जरूर दे सकते हैं।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “शहीदी दिवस केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं होते, बल्कि ये उन जिम्मेदारियों की याद दिलाते हैं, जो प्रत्येक पीढ़ी की देश के प्रति होती हैं। शहीद करतार सिंह सराभा का महान बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा का शाश्वत स्रोत बना रहेगा। उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम न्याय, समानता, मानवता और प्रगति पर आधारित समाज का निर्माण करें।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि गर्मी के बावजूद लोगों, विशेषकर माताओं और बहनों की बड़ी संख्या में उपस्थिति, इस महान क्रांतिकारी के प्रति उनके गहरे प्रेम और सम्मान को दर्शाती है।
इस महान शहीद के प्रेरणादायक जीवन सफर को याद करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “पंजाब में अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने के बाद शहीद करतार सिंह सराभा अमेरिका चले गए और वहां यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले में पढ़ाई की। हालांकि, निजी सुख-सुविधाओं और सुरक्षित भविष्य की तलाश करने के बजाय उन्होंने लाला हरदयाल, बाबा ज्वाला सिंह, बाबा वसाखा सिंह और बाबा सोहन सिंह भकना जैसे क्रांतिकारी देशभक्तों के संपर्क में आने के बाद स्वयं को स्वतंत्रता संग्राम के लिए समर्पित कर दिया।”
उन्होंने आगे कहा, “16 नवंबर 1915 को पहले लाहौर षड्यंत्र मुकदमे के तहत शहीद करतार सिंह सराभा को छह अन्य क्रांतिकारियों के साथ लाहौर सेंट्रल जेल में फांसी दे दी गई थी। देश की आजादी के प्रति उनका दृढ़ संकल्प, देशभक्ति और निस्वार्थ सेवा एक शानदार मिसाल है। देश की सेवा करने के लिए केवल बड़े-बड़े भाषणों की नहीं, बल्कि साहस, बलिदान और दृढ़ संकल्प की आवश्यकता होती है।”
शहीद-ए-आजम भगत सिंह द्वारा शहीद करतार सिंह सराभा के प्रति दिखाए गए गहरे सम्मान को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद भगत सिंह उनकी तस्वीर अपनी जेब में रखते थे।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “ताकतवर शासक और साम्राज्य अंततः इतिहास के पन्नों में खो जाते हैं, लेकिन जो लोग सच्चाई और मानवता के लिए अपना सब कुछ कुर्बान कर देते हैं, वे हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहते हैं। हमारी सरकार ने शहीद करतार सिंह सराभा के शहीदी दिवस पर छुट्टी घोषित की है, ताकि बच्चे, विद्यार्थी और हर वर्ग के लोग इस धरती के महान सपूत के बारे में जान सकें और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर सकें।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब का गौरवशाली इतिहास साहस, बलिदान, मानवता और धार्मिक स्वतंत्रता की असाधारण मिसालों से भरा हुआ है। यह सरकार की जिम्मेदारी है कि वह सुनिश्चित करे कि वीरता की ये गाथाएं प्रत्येक बच्चे तक पहुंचें।
उन्होंने कहा, “छोटे साहिबजादों के पक्ष में ‘हाअ दा नारा’ लगाने वाले मलेरकोटला के नवाब के योगदान को पूरे मान-सम्मान के साथ याद रखा जाना चाहिए। विद्यार्थियों को मानवता की भलाई के लिए नौवें सिख गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी के जीवन और अतुलनीय शहादत के बारे में भी पढ़ाया जाना चाहिए। पंजाब का इतिहास केवल बीते समय का रिकॉर्ड नहीं है, बल्कि एक अनमोल विरासत है, जो आने वाली पीढ़ियों को अन्याय, अत्याचार और भेदभाव के खिलाफ मजबूती से खड़े होने की प्रेरणा देती है।”
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गांव सराभा में नवनिर्मित आम आदमी क्लीनिक जनता को समर्पित किया। 40 लाख रुपये की लागत से बने इस क्लीनिक में विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा मुफ्त चिकित्सकीय परामर्श, इलाज, आवश्यक दवाइयां, प्रयोगशाला जांच, बीमारियों की जांच और विशेष उपचार के लिए रेफरल सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
उन्होंने कहा, “हमारी सरकार सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था को लगातार मजबूत कर रही है, ताकि गरीब और आम परिवारों को प्राथमिक उपचार का खर्च उठाने के लिए किसी प्रकार का आर्थिक बोझ न सहना पड़े और न ही उन्हें कर्ज लेना पड़े। परिवारों पर बिना किसी आर्थिक बोझ के सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना हमारी सरकार की प्रमुख प्रतिबद्धता है।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि लुधियाना जिले में पहले से ही 187 आम आदमी क्लीनिक संचालित हो रहे हैं, जबकि 27 अन्य क्लीनिक निर्माणाधीन हैं, जिन्हें जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।
युवाओं को सुरक्षित भविष्य प्रदान करने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने कहा, “हमारी सरकार ने बिना किसी सिफारिश, पक्षपात या भ्रष्टाचार के केवल योग्यता और मेरिट के आधार पर 71,777 सरकारी नौकरियां दी हैं। हमने उस पुरानी व्यवस्था को पूरी तरह बदल दिया है, जिसमें युवाओं को सरकारी नौकरी पाने के लिए प्रभावशाली लोगों की पहुंच, सिफारिश या पैसे की जरूरत पड़ती थी। आज केवल योग्यता और मेरिट ही एकमात्र मापदंड हैं। हम चाहते हैं कि हमारे बच्चे कड़ी मेहनत करें, ईमानदारी से काम करें और बड़े सपने देखें।”
उन्होंने आगे कहा, “हर योग्य और हकदार युवा को बिना किसी प्रभावशाली व्यक्ति की मदद लिए केवल मेरिट के आधार पर नौकरी पाने का अवसर मिलेगा। मैं माता-पिता से अपील करता हूं कि वे अपने बच्चों को पढ़ाई और कड़ी मेहनत पर ध्यान देने के लिए प्रोत्साहित करें। हमारी सरकार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से रोजगार के नए अवसर पैदा करने का काम लगातार जारी रखेगी।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान और विरासत को संरक्षित करना उनकी सरकार की हमेशा प्राथमिकता रहेगी।
राज्य के लोगों से शहीद करतार सिंह सराभा और अन्य महान शहीदों से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “हम सभी को मिलकर पंजाब की पुरानी शान बहाल करने के लिए काम करना चाहिए। शहीद करतार सिंह सराभा के सपनों का पंजाब बनाना ही उनके प्रति सबसे बड़ी श्रद्धांजलि होगी। एक ऐसा पंजाब, जहां नशे, बेरोजगारी, भेदभाव और अन्याय के लिए कोई जगह न हो, हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, हर परिवार को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें और हर योग्य युवा को आगे बढ़ने का अवसर मिले।”
उन्होंने कहा कि ऐसे स्मृति समारोह युवा पीढ़ी को पंजाब के महान सपूतों के गौरवशाली इतिहास और अतुलनीय बलिदानों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Check Also

मकबूलपुरा पुलिस ने नाबालिग को 6 ग्राम हेरोइन व ड्रग मनी सहित पकड़ा, सप्लायर भी नामजद

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 16 नवंबर 2026: अमृतसर के थाना मकबूलपुरा पुलिस ने नशा तस्करी …