शोभायात्रा के स्वागत की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने अधिकारियों के साथ की बैठक

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 25 नवंबर 2026: मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित देशभर के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को श्री खुरालगढ़ साहिब से जोड़ने के लिए चार विशाल शोभायात्राएं निकाली जा रही हैं। इन शोभायात्राओं का मुख्य उद्देश्य श्री गुरु रविदास जी महाराज की सार्वभौमिक शिक्षाओं, पवित्र वाणी तथा समानता, प्रेम और आपसी भाईचारे के संदेश को घर-घर तक पहुंचाना है।
30 नवंबर को अमृतसर पहुंचने वाली विशाल शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) स. रविंदर सिंह अरोड़ा ने आज जिला प्रशासनिक परिसर के बैठक हॉल में अधिकारियों के साथ विशेष बैठक की। बैठक में एस.डी.एम. अमृतसर-1 श्रीमती अलका कालिया, एस.डी.एम. लोपोके श्री मनबीर सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर स. रविंदर सिंह अरोड़ा ने बताया कि अमृतसर पहुंचने वाली शोभायात्रा 30 नवंबर की सुबह जम्मू से शुरू होगी और पठानकोट, गुरदासपुर तथा बटाला से होते हुए शाम को अमृतसर पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि शोभायात्रा 30 नवंबर की रात रामतीर्थ स्थित श्री वाल्मीकि तीर्थ स्थल पर विश्राम करेगी। इसके बाद 1 दिसंबर को रामतीर्थ से रवाना होकर तरनतारन, कपूरथला, जालंधर और होशियारपुर से होते हुए 3 दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेगी।
अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर स. रविंदर सिंह अरोड़ा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शोभायात्रा के स्वागत के लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी जाएं। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा के पूरे मार्ग की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही उन्होंने पावरकॉम के अधिकारियों को रास्ते में नीची और ढीली बिजली की तारों को ठीक करने तथा रात्रि विश्राम के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को शोभायात्रा के साथ मेडिकल टीमों की तैनाती करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा संगत के सहयोग से शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित देशभर के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को श्री खुरालगढ़ साहिब से जोड़ने के लिए चार विशाल शोभायात्राएं निकाली जा रही हैं।
इनमें पहली शोभायात्रा 30 नवंबर को वाराणसी (काशी) से शुरू होकर कानपुर, दिल्ली, अंबाला, मोहाली और रूपनगर से होते हुए 3 दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेगी।
दूसरी शोभायात्रा 2 दिसंबर को फरीदकोट से रवाना होकर फिरोजपुर, मोगा, लुधियाना, शहीद भगत सिंह नगर और गढ़शंकर से होते हुए श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेगी।
तीसरी शोभायात्रा 1 दिसंबर को बठिंडा से शुरू होकर बरनाला, मानसा, लहरागागा, संगरूर, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, मोरिंडा और रूपनगर से होते हुए 3 दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेगी।
चौथी शोभायात्रा 30 नवंबर की सुबह जम्मू से शुरू होकर पठानकोट, गुरदासपुर, बटाला, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर और होशियारपुर से होते हुए 3 दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेगी।
चारों शोभायात्राओं के 3 दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचने के बाद विशाल धार्मिक समागम आयोजित किए जाएंगे। 4 दिसंबर को श्री अखंड पाठ साहिब आरंभ होगा और 6 दिसंबर को भोग डाले जाएंगे।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र