छठी बार दोबारा प्रधान बनने के बाद कार्यालय पहुंचे एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी का अधिकारियों ने किया स्वागत

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 28 नवंबर 2026: शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के छठी बार दोबारा प्रधान बनने के बाद शिरोमणि कमेटी कार्यालय पहुंचे एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रबंधों को और अधिक सुचारू ढंग से चलाने के लिए दिशा-निर्देश दिए।
एडवोकेट धामी ने कहा कि बड़े बलिदानों के बाद अस्तित्व में आई सिख कौम की यह गौरवशाली संस्था ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिबान के प्रबंधों को सुचारू रूप से चलाने के साथ-साथ सिख धर्म के प्रचार-प्रसार में भी उल्लेखनीय योगदान दे रही है। उन्होंने कहा कि सिखों की इस प्रतिनिधि संस्था को मजबूत बनाने के लिए यहां कार्यरत प्रत्येक व्यक्ति का ईमानदार और समर्पित होना प्राथमिक जिम्मेदारी है।
शिरोमणि कमेटी प्रधान ने अधिकारियों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपनी ड्यूटी निभाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि संस्था के कार्यों और उपलब्धियों को संगत तक पहुंचाने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी पूरी लगन से निभानी चाहिए।
इस अवसर पर शिरोमणि कमेटी के सचिव बलविंदर सिंह काहलवां ने प्रधान को सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की ओर से आश्वासन दिया कि वे उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी और मेहनत से निभाएंगे।
इससे पहले शिरोमणि कमेटी कार्यालय पहुंचने पर अधिकारियों ने एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी का फूलों के गुलदस्ते भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान उप सचिव गुरमीत सिंह मुक्तसर ने शिरोमणि कमेटी प्रधान को जसवंत सिंह नेकी द्वारा लिखित पुस्तक ‘अरदास’ भी भेंट की।
इस अवसर पर शिरोमणि कमेटी के सचिव बलविंदर सिंह काहलवां, गुरिंदर सिंह मथरेवाल, ओएसडी सतबीर सिंह धामी, निजी सचिव शाहबाज सिंह, अतिरिक्त सचिव बिजय सिंह, तेजिंदर सिंह पड्डा, प्रीतपाल सिंह, उप सचिव गुरदयाल सिंह, मनजीत सिंह तलवंडी, आजाद दीप सिंह, गुरमीत सिंह मुक्तसर, कानूनी सलाहकार एडवोकेट अमनबीर सिंह सियाली, सुपरिंटेंडेंट निशान सिंह, मलकीत सिंह बहिड़वाल, इंचार्ज गुरप्रताप सिंह, सहायक सुपरिंटेंडेंट प्रभजोत सिंह, अतिरिक्त मैनेजर गुरविंदर सिंह देवीदासपुरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र