Breaking News

श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से चोरी हुआ सरकारी पिस्तौल एयरपोर्ट पुलिस ने महज एक घंटे में किया बरामद, आरोपी गिरफ्तार

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 28 नवंबर 2026:अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से चोरी हुए सरकारी पिस्तौल को महज एक घंटे के भीतर बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस कमिश्नर अमृतसर कुलदीप सिंह चहल, आईपीएस के दिशा-निर्देशों पर अपराधी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना एयरपोर्ट पुलिस को यह सफलता मिली।
जानकारी के मुताबिक, 27 नवंबर 2026 को श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ड्यूटी के दौरान केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) का सरकारी पिस्तौल गलती से हवाई अड्डे के बाथरूम में रह गया था, जिसे किसी व्यक्ति ने चोरी कर लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना एयरपोर्ट के मुख्य अधिकारी इंस्पेक्टर सुखपाल सिंह ने पुलिस पार्टी के साथ तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने पूरी मुस्तैदी और पेशेवर तरीके से जांच करते हुए आरोपी की पहचान कर उसे काबू कर लिया। पुलिस ने चोरी किया गया सरकारी पिस्तौल महज एक घंटे के भीतर बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुखबीर सिंह पुत्र बलकार सिंह, निवासी वार्ड नंबर 4, एयरपोर्ट कॉलोनी, राजासांसी, जिला अमृतसर ग्रामीण के रूप में हुई है। आरोपी हवाई अड्डे पर साफ-सफाई का काम करता है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किया गया 9 एमएम पिस्तौल, मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस संबंध में थाना एयरपोर्ट, अमृतसर में मामला दर्ज किया गया है।
कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर ने कहा कि आपराधिक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और शहर में अमन-कानून की व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Check Also

शिरोमणि कमेटी के प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने अधिकारियों के साथ की बैठक

छठी बार दोबारा प्रधान बनने के बाद कार्यालय पहुंचे एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी का अधिकारियों …