मोदी जी ने अडानी को राष्ट्रीय मित्र बना दिया: सांसद गुरजीत औजला

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 3 फरवरी 2026: सांसद गुरजीत सिंह औजला ने लोकसभा में विपक्ष को बोलने का अवसर न दिए जाने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के हितों को दरकिनार कर सिर्फ अपने मित्र अडानी को लाभ पहुँचाने में लगे हैं और देश को बिकने की कगार पर ला दिया गया है।
औजला ने कहा कि जब भी लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी बोलना शुरू करते हैं, उन्हें यह कहकर रोका जाता है कि किताब या अखबार का हवाला नहीं दिया जा सकता। जबकि 4 फरवरी 2025 को स्वयं प्रधानमंत्री मोदी ने पंडित जवाहर लाल नेहरू की आलोचना करते हुए कई किताबों का संदर्भ दिया था। यह दोहरा मापदंड लोकतंत्र के लिए घातक है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम सवाल पूछना है और राहुल गांधी ने कोई आपत्तिजनक बात नहीं कही। वे केवल यह बताना चाहते थे कि चीन भारतीय सीमा में घुसा हुआ है, सेना दबाव में है और राष्ट्रपति के अभिभाषण में इस गंभीर मुद्दे का जिक्र तक नहीं किया गया। इस पर प्रधानमंत्री को जवाब देना चाहिए था।
औजला ने आरोप लगाया कि सरकार के पास जवाब नहीं होता, इसलिए विपक्ष की आवाज दबाई जाती है। उन्होंने कहा कि आज सदन में यूएस डील पर चर्चा होनी थी, जिस पर उन्होंने स्थगन प्रस्ताव भी दिया था। इस डील के जरिए देश की किसानी और उद्योगों को खत्म करने की साजिश रची गई है।
उन्होंने कहा कि चीन ने पहले ही भारतीय बाजार पर कब्जा कर लिया है और अब अमेरिका के साथ ऐसी डील की गई है जो देश के लिए घातक है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद सोशल मीडिया पर बताया कि भारत से अमेरिका जाने वाले सामान पर 18 प्रतिशत टैरिफ लगेगा, जबकि अमेरिका से भारत आने वाले कृषि उत्पादों पर टैरिफ शून्य होगा और भारत को 500 बिलियन डॉलर का माल अनिवार्य रूप से खरीदना होगा। तेल अब रूस की बजाय वेनेजुएला से मंगवाया जाएगा।
औजला ने कहा कि प्रधानमंत्री सदन में इस सच्चाई को छिपा रहे हैं क्योंकि यह देश को नुकसान पहुँचाने वाली डील है। आज भले टैरिफ कम दिख रहे हों, लेकिन कल दाम बढ़ाकर भारतीय उद्योगों को पूरी तरह तबाह कर दिया जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने अडानी को “राष्ट्रीय मित्र” बना दिया है और उन्हीं के फायदे के लिए देश की खेती, उद्योग और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि जब सब कुछ विदेशी कंपनियों को सौंपना था तो युवाओं को “मेक इन इंडिया” का नारा क्यों दिया गया?

Check Also

पंजाब कांग्रेस ने अमेरिकी आयात पर ‘जीरो टैरिफ’ लगाने को लेकर जताई चिंता

मोदी किसानों को स्पष्टीकरण दें: वड़िंग कल्याण केसरी न्यूज़, चंडीगढ़, 3 फरवरी 2026: पंजाब कांग्रेस …