पंजाब कांग्रेस ने अमेरिकी आयात पर ‘जीरो टैरिफ’ लगाने को लेकर जताई चिंता

कल्याण केसरी न्यूज़, चंडीगढ़, 3 फरवरी 2026: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आज भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के तहत अमेरिकी आयात पर “जीरो टैरिफ” लागू करने के प्रस्ताव पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने आशंका जताई कि इसमें कृषि उत्पाद भी शामिल हो सकते हैं।
यहां जारी एक बयान में, उन्होंने कहा कि इस मामले में स्पष्टता न होने के कारण विशेषकर पंजाब के किसानों में बड़ी चिंता है कि कृषि उत्पादों को बिना किसी टैरिफ के देश में आने की अनुमति दी जा सकती है। उन्होंने चेतावनी देते हुए, कहा कि यह कदम कृषि आधारित अर्थव्यवस्था के लिए घातक साबित हो सकता है।
उन्होंने जोर देते हुए, कहा कि देशभर, खासकर पंजाब के किसानों में यह डर और चिंता है कि मोदी सरकार अमेरिका के दबाव में आकर अमेरिकी आयात पर ‘जीरो टैरिफ’ मंजूर कर रही है, जबकि भारतीय उत्पादों पर 18 प्रतिशत टैरिफ लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि इस आयात में कृषि उत्पाद भी शामिल हुए, तो यह कृषि को खत्म करने वाला कदम साबित होगा और देशभर की कृषि अर्थव्यवस्था को बड़ा झटका लगेगा, जिसका सबसे अधिक नुकसान पंजाब को होगा।
वड़िंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के लोगों और खासकर किसानों को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उनके हितों से कोई समझौता नहीं किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा न करने पर सरकार को किसानों के गुस्से का सामना करने के लिए तैयार रहना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह केवल किसानों का ही नहीं, बल्कि देश के भविष्य से जुड़ा मामला है।

Check Also

विधायक कुलवंत सिंह द्वारा जिला अस्पताल मोहाली का दौरा, मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत इलाज की समीक्षा

कल्याण केसरी न्यूज़, साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर, 3 फरवरी 2026: मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह …