1.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश के साथ पंजाब बना निवेशकों की पहली पसंद : बंदेशा

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 16 मार्च 2026: पंजाब लघु उद्योग निगम के वाइस चेयरमैन और आम आदमी पार्टी के अमृतसर लोकसभा इंचार्ज जसकरण सिंह बंदशा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब औद्योगिक विकास के एक नए दौर में प्रवेश कर चुका है और अब देश-विदेश के निवेशकों की पहली पसंद बन रहा है। उन्होंने कहा कि मोहाली में आयोजित प्रोग्रेसिव पंजाब निवेशक सम्मेलन 2026 के दौरान बड़े औद्योगिक घरानों द्वारा बड़े पैमाने पर निवेश के ऐलान किए गए हैं, जिससे पंजाब में उद्योग और रोजगार को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
चेयरमैन बंदेशा ने बताया कि सम्मेलन के पहले ही दिन विभिन्न औद्योगिक दिग्गजों द्वारा 10,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की घोषणा की गई। विश्व प्रसिद्ध उद्योगपति लक्ष्मी निवास मित्तल ने बठिंडा में स्थित गुरु गोबिंद सिंह रिफाइनरी के विस्तार के लिए लगभग 2,600 करोड़ रुपये के निवेश का ऐलान किया। इसी तरह टाटा स्टील की ओर से लुधियाना के पास स्टील प्लांट स्थापित करने के लिए हजारों करोड़ रुपये के निवेश का भरोसा दिया गया है, जिससे हजारों नई नौकरियां पैदा होंगी।
इसके अलावा सज्जन जिंदल की अगुवाई वाले जेएसडब्ल्यू ग्रुप ने राजपुरा में अपनी औद्योगिक सुविधा को आधुनिक बनाने के लिए बड़े स्तर पर निवेश करने की घोषणा की है। पंजाब के अपने औद्योगिक समूह जैसे ट्राइडेंट, हीरो साइकिल, सोनालिका, प्रीत ट्रैक्टर, मोंटी कार्लो और वर्धमान ग्रुप ने भी टेक्सटाइल, ट्रैक्टर और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में अपने विस्तार की योजना का ऐलान किया है।
चेयरमैन जसकरण सिंह बंदेशा ने कहा कि पंजाब में औद्योगिक विकास को और मजबूत करने के लिए कई अन्य कंपनियां भी निवेश कर रही हैं। सनातन पॉलीकोट द्वारा 1,600 करोड़ रुपये, अंबुजा सीमेंट द्वारा 1,400 करोड़ रुपये, रुचिरा पेपर्स द्वारा 1,137 करोड़ रुपये और हैपी फोर्जिंग्स द्वारा 1,000 करोड़ रुपये के निवेश से पंजाब के औद्योगिक क्षेत्र को और मजबूती मिलेगी।
बंदेशा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कंपनियां भी पंजाब में निवेश के लिए आगे आ रही हैं। जापान की टॉपन और नीदरलैंड की डी ह्यूस जैसी कंपनियों ने भी पंजाब में बड़े स्तर पर निवेश की योजना बनाई है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की नई औद्योगिक नीति और सिंगल विंडो प्रणाली के कारण निवेशकों को सभी मंजूरियां तेजी से मिल रही हैं। अरविंद केजरीवाल द्वारा भी उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए स्पष्ट नीतियां और 45 दिनों के भीतर मंजूरियां देने की व्यवस्था पर जोर दिया गया है।
बंदेशा ने कहा कि लगभग 1.5 लाख करोड़ रुपये के संभावित निवेश से पंजाब में उद्योग, रोजगार और आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी और राज्य देश के औद्योगिक नक्शे पर और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि मान सरकार की उद्योग-पक्षीय नीतियों के कारण पंजाब अब देश-विदेश के निवेशकों के लिए सबसे भरोसेमंद गंतव्य बनता जा रहा है।

Check Also

पंजाब सरकार की ‘अपना कारोबार, अपनी पहचान’ मुहिम के तहत जिला स्तरीय समारोह में 100 महिला उद्यमियों का विशेष सम्मान : अतिरिक्त उपायुक्त

जिले भर में 2407 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं 23000 महिलाएंअतिरिक्त उपायुक्त ने कहा …