पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन ने सभी अधिकारियों और जिला मंडी अफसरों के साथ खरीद सीजन के प्रबंधों के सबंध में की बैठक

कल्याण केसरी न्यूज़, एस.ए.एस. नगर (मोहाली), 19 मार्च 2026: पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन स. हरचंद सिंह बरसट ने रबी सीजन की मुख्य फसल गेहूं के खरीद प्रबंधों का जायजा लेने के लिये मंडी बोर्ड के समूह अधिकारियों और जिला मंडी अधिकारियों के साथ बोर्ड के मुख्य दफ्तर में बैठक की। मीटिंग के दौरान चेयरमैन की ओर से मंडियों में किये जा रहे प्रबंधों के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की गई और सभी प्रबंधों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिये गये। इस मौके पर स. बरसट ने कहा कि 1 अप्रैल से पंजाब राज्य की मंडियों में गेहूं की आमद शुरू होने वाली है, जिसके लिये 1896 मंडियां घोषित की गई हैं। उन्होंने निर्देश दिये कि मंडियों व खरीद केंद्रों की साफ-सफाई, बिजली, पीने योग्य पानी, शौचालय एवं छाया आदि के प्रबंध समय पर पूर्ण किये जायें, तांकि मंडियों में किसानों, आढ़तियों और मजदूरों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन की ओर से जिला मंडी अफसरों को पूरी तनदेही से मंडियों में गेहूं की खरीद को सुचारू ढंग से चलाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सीजन के दौरान मंडियों और खरीद केंद्रों पर पुख्ता प्रबंध करके अच्छी कार्यगुजारी की मिसाल कायम की जाए और किसान भी बिना किसी परेशानी के खुशी-खुशी अपनी फसल बेच सकें।
इसके साथ ही स. बरसट ने सभी अधिकारियों को जहां हरियावल मुहिम के तहत मंडियों में अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया, वहीं मंडी बोर्ड की आमदन बढ़ाने के लिये भी विशेष स्तर पर प्रयास करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि किसानों को मंडी बोर्ड द्वारा प्रदान की जा रही सुविधाओं के बारे में जागरूक किया जाए, ताकि वे इन सुविधाओं का लाभ उठा सकें। बैठक में इंजीनियर इन चीफ जतिंदर सिंह भंगू, संयुक्त सचिव हरजीत सिंह संधू, मुख्य इंजीनियर गुरिंदर सिंह चीमा, मुख्य इंजीनियर अमनदीप सिंह, डी.जी.एम. मनिंदरजीत सिंह बेदी, डी.जी.एम. प्रीत कंवर सिंह बराड़, डी.जी.एम. मुकेश कुमार कैले, डी.जी.एम. अमनदीप सिंह संधू सहित समूह जिला मंडी अधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र