Breaking News

खालसाई शानो-शौकत के साथ मनाई जाएगी श्री कीरतपुर साहिब के 400वें स्थापना दिवस की शताब्दी: एडवोकेट धामी

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 20 मार्च 2026: छठे पातशाह श्री गुरु हरिगोबिंद साहिब जी द्वारा बसाए गए श्री कीरतपुर साहिब के 400वें स्थापना दिवस को शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा सिख परंपराओं और खालसाई शानो-शौकत के साथ मनाया जाएगा। इस संबंध में 29, 30 अप्रैल और 1 मई 2026 को गुरुद्वारा श्री कीरतपुर साहिब में बड़े स्तर पर गुरमत समागम आयोजित किए जाएंगे।
इस संबंध में शिरोमणि कमेटी के प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी की अगुवाई में आज शताब्दी समारोहों को लेकर सब-कमेटी की बैठक हुई, जिसमें कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई।
जानकारी देते हुए प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने कहा कि श्री कीरतपुर साहिब वह पावन धरती है जिसे छठे पातशाह श्री गुरु हरिगोबिंद साहिब जी ने बसाया था और इस स्थान पर श्री गुरु हरिराय साहिब तथा श्री गुरु हरिकृष्ण साहिब जी ने भी निवास किया। इस पावन स्थल की 400वीं शताब्दी पूरे सिख समाज और संगतों के सहयोग से भव्य स्तर पर मनाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि 29 अप्रैल को श्री अखंड पाठ साहिब का आरंभ होगा और रैन सबाई कीर्तन दरबार आयोजित किया जाएगा। 30 अप्रैल को भी गुरमत समागम होंगे, जिनमें प्रसिद्ध कथावाचक, रागी, ढाडी और कविशर जत्थे संगतों को गुर-इतिहास से जोड़ेंगे।
शताब्दी का मुख्य समागम 1 मई 2026 को होगा, जिसमें सिंह साहिबान, तख्त साहिबान के जत्थेदार, सिख पंथ की विभिन्न धार्मिक संस्थाएं, निहंग सिंह दल, कारसेवा से जुड़े महापुरुष और अन्य प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। शिरोमणि कमेटी द्वारा सभी सिख संप्रदायों और प्रमुख हस्तियों को विशेष निमंत्रण भेजे जाएंगे।
समारोहों के दौरान विशेष रूप से अमृत संचार समागम भी आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा, संगतों को प्रेरित करने के लिए धर्म प्रचार कमेटी के प्रचारक जत्थे गांव-गांव जाकर गुरमत समागम करेंगे। उन्होंने संगतों से अपील की कि वे परिवार सहित इन समागमों में शामिल हों।
बैठक में अंतरंग कमेटी के सदस्य दलजीत सिंह भिंडर, सुरजीत सिंह तुगलवाल, मंगविंदर सिंह खापड़खेड़ी, सदस्य भाई राजिंदर सिंह मेहता, भाई अमरजीत सिंह चावला, एडवोकेट भगवंत सिंह सियालका, सुरजीत सिंह भिट्टेवड़, भाई गुरबख्श सिंह खालसा, अजमेर सिंह खेड़ा, प्रीतपाल सिंह पाली, सुखवर्ष सिंह पन्नू, भाई अजीब सिंह अभ्यास, गुरिंदरपाल सिंह गोरा, ओएसडी सतबीर सिंह, सचिव बलविंदर सिंह काहलवां, निजी सचिव शाहबाज सिंह, अतिरिक्त सचिव विजय सिंह, संयुक्त सचिव जसविंदर सिंह जस्सी, हरभजन सिंह वक्ता, तख्त श्री केसगढ़ साहिब के मैनेजर मलकीत सिंह, अतिरिक्त मैनेजर हरदेव सिंह और इंचार्ज राजविंदर सिंह जोगा सहित अन्य उपस्थित थे।

Check Also

निरंकारी यूथ फोरम: आध्यात्म, सेवा, खेल एवं संस्कृति के माध्यम से युवा सशक्तिकरण

कल्याण केसरी न्यूज़, चंडीगढ़/पंचकुला/कानपुर, 20 मार्च 2026: संत निरंकारी मिशन द्वारा आयोजित निरंकारी यूथ सिम्पोजियम …