प्रसिद्ध यूट्यूबर ध्रुव राठी ने अपनी वीडियो के माध्यम से मोदी सरकार के झूठ को बेनकाब किया: जीवनजोत कौर

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 21 मार्च 2026: अमृतसर पूर्व की विधायक श्रीमती जीवनजोत कौर ने बीती शाम वार्ड नंबर 11 में एक बड़ी स्क्रीन लगाकर क्षेत्रवासियों को प्रसिद्ध यूट्यूबर ध्रुव राठी की डॉक्यूमेंट्री “इंडियाज बिगेस्ट कॉन्सपिरेसी: रियलिटी ऑफ दिल्ली लिकर स्कैम” दिखाई। वार्ड नंबर 11 के बड़ी संख्या में लोग इस डॉक्यूमेंट्री को देखने के लिए पहुंचे।
27 मिनट की इस वीडियो डॉक्यूमेंट्री में ध्रुव राठी ने विस्तार से तथ्यों सहित यह दिखाने का प्रयास किया कि किस प्रकार केंद्र की मोदी सरकार ने झूठे और बेबुनियाद आरोपों के तहत दिल्ली के तत्कालीन मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन सहित पार्टी के अन्य नेताओं को दिल्ली शराब घोटाले के कथित मामले में फंसाया। 6 दिन पहले जारी हुई इस डॉक्यूमेंट्री को अब तक 95 लाख से अधिक लोग देख चुके हैं। अमृतसर पूर्व के लोगों ने इस वीडियो को ध्यानपूर्वक देखा और सच्चाई जानकर भाजपा की इस राजनीति की कड़ी आलोचना की।
इस अवसर पर विधायक जीवनजोत कौर ने कहा कि आज उन्होंने अपने क्षेत्र के वार्ड नंबर 11 के लोगों को ध्रुव राठी की वह विशेष वीडियो दिखाई है, जिसमें उन्होंने तथ्यों और सबूतों के आधार पर भाजपा द्वारा फैलाए गए कथित झूठ को उजागर किया है।
विधायक जीवनजोत कौर ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के खिलाफ बनाए गए कथित मामले एक साजिश थे, ताकि दिल्ली के शिक्षा और स्वास्थ्य मॉडल को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि शायद भाजपा यह भूल गई थी कि आम आदमी पार्टी के नेताओं की ईमानदारी जेलों से कहीं ज्यादा मजबूत है। उन्होंने कहा कि अब हर पंजाबी सच्चाई जान चुका है और भाजपा की इस राजनीति का अंत निश्चित है।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र