नेशनल सफाई कर्मचारी आयोग के वाइस चेयरमैन हरदीप सिंह गिल ने अमृतसर में सफाई कर्मचारियों के कल्याण संबंधी अधिकारियों के साथ बैठक की

सफाई कर्मचारी आयोग सफाई कर्मियों के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध: वाइस चेयरमैन हरदीप सिंह गिल

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 21 मार्च 2026: नेशनल सफाई कर्मचारी आयोग के वाइस चेयरमैन श्री हरदीप सिंह गिल ने आज डिप्टी कमिश्नर कार्यालय, अमृतसर में जिला अमृतसर की नगर परिषदों/नगर पंचायतों के सभी कार्यकारी अधिकारियों, डीडीपीओ और बीडीपीओ के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मैनुअल स्कैवेंजर का सर्वे करवाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी नगर परिषदों और पंचायतों में तैनात सफाई कर्मचारियों को आईडी कार्ड उपलब्ध करवाए जाएं।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिला और तहसील स्तर पर सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए समितियों का गठन किया जाए तथा हर महीने सफाई कर्मचारियों के साथ बैठक अवश्य की जाए।
वाइस चेयरमैन श्री हरदीप सिंह गिल ने कहा कि सभी सफाई कर्मचारियों और क्लास-4 कर्मचारियों को आयुष्मान भारत योजना के साथ जोड़ा जाए, ताकि उन्हें इस योजना का अधिकतम लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक 6 महीने बाद सभी सफाई कर्मचारियों का मेडिकल चेकअप करवाया जाए, ताकि गंदगी से होने वाली बीमारियों से बचाव हो सके।
उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि यदि किसी सफाई कर्मचारी या क्लास-4 कर्मचारी के साथ कोई अन्याय होता है, तो 24 घंटे के भीतर मामले का समाधान किया जाए। इसके अलावा सभी कार्यकारी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि भारत सरकार की नमस्ते योजना के तहत नगर परिषदों के लिए अधिक से अधिक मशीनरी जैसे जेटिंग मशीन और सुपर सक्शन मशीन की खरीद हेतु ज्यादा से ज्यादा प्रस्ताव भेजे जाएं।
वाइस चेयरमैन श्री हरदीप सिंह गिल ने कहा कि आयोग सफाई कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और यदि किसी कर्मचारी को उसके अधिकार नहीं मिलते या कोई अन्य समस्या आती है, तो वह आयोग से संपर्क कर सकता है।
इस अवसर पर हल्का बाबा बकाला साहिब के पूर्व विधायक मनजीत सिंह मन्ना, श्री रणदीप सिंह वड़ैच (ईओ जंडियाला गुरु), श्री अनिल कुमार (ईओ), श्री खुशबीर सिंह (सुपरिंटेंडेंट), श्री गगनदीप सिंह (एडीओ), श्री बलविंदर सिंह (इंस्पेक्टर), पुलिस प्रशासन के अधिकारी, डीएसपी जंडियाला गुरु, डीडीपीओ एवं विभिन्न बीडीपीओ, नगर परिषद जंडियाला गुरु के पार्षदगण, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर कार्यालय से श्री गुरदेव सिंह रंधावा तथा सफाई कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Check Also

गुरजीत सिंह औजला का तीखा हमला – “यह आत्महत्या नहीं, साजिशन हत्या है… मंत्री पर 302 का केस दर्ज हो”

वेयरहाउस टेंडर विवाद बना राजनीतिक तूफान, अफसर की मौत से पंजाब की सियासत में भूचाल …