24.13 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट का 70 प्रतिशत कार्य पूरा

कल्याण केसरी न्यूज़, जंडियाला गुरु / अमृतसर, 23 मार्च 2026: जंडियाला गुरु शहर में पहला सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) इस साल मई के अंत तक तैयार होने की संभावना है। पंजाब वॉटर सप्लाई एंड सीवरेज बोर्ड द्वारा 24.13 करोड़ रुपये की लागत से 6 एमएलडी क्षमता का प्लांट बनाया जा रहा है, जिसके साथ 17 एमएलडी का पंपिंग स्टेशन भी तैयार किया जा रहा है।
लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने इस परियोजना की प्रगति की समीक्षा करने के बाद बताया कि इस प्रोजेक्ट का लगभग 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और इसे मई तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्लांट चालू होने के बाद शहर का गंदा पानी ट्रीट करके खेतों में सिंचाई के लिए उपयोग किया जाएगा, जबकि वर्तमान में यह पानी बरसाती नालों में बह रहा है।
कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने बताया कि इस प्रोजेक्ट की शुरुआत दिसंबर 2024 में हुई थी। प्लांट में एमबीबीआर तकनीक, क्लोरीनेशन कॉन्टैक्ट टैंक और प्राइमरी ट्रीटमेंट यूनिट जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि एसटीपी बनने से गंदा पानी सीधे नालों में जाने से रुकेगा, जिससे पर्यावरण की सुरक्षा होगी। अगले चरण में इस ट्रीटेड पानी को किसानों के खेतों तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शहर की लगभग 35 हजार आबादी इस प्रोजेक्ट से लाभान्वित होगी। इससे न केवल प्रदूषण कम होगा, बल्कि सिंचाई के लिए एक बेहतर विकल्प भी उपलब्ध होगा।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र