लोक निर्माण मंत्री ई.टी.ओ. ने चल रहे विकास कार्यों का ज़मीनी स्तर पर जाकर लिया जायज़ा

पूरे राज्य में 45 हजार किलोमीटर नई सड़कों के निर्माण के साथ पुरानी सड़कों को भी किया जा रहा है मजबूत
सड़कों की गुणवत्ता जांचने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा फ्लाइंग स्क्वॉड का गठन

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 26 मार्च 2026: मुख्यमंत्री पंजाब श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार द्वारा पूरे राज्य में नई सड़कों के निर्माण का काम बड़े स्तर पर चल रहा है और 45 हजार किलोमीटर नई सड़कों के निर्माण के साथ-साथ पुरानी सड़कों को भी मजबूत और चौड़ा किया जा रहा है। यह बात लोक निर्माण मंत्री श्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने आज ज़मीनी स्तर पर पहुंचकर जिला अमृतसर के गांव खब्बे राजपूतां में लगभग 1 करोड़ 73 लाख 82 हजार रुपये की लागत से तैयार किए जा रहे खेल स्टेडियम के चल रहे कार्यों का जायज़ा लेते हुए कही। उन्होंने बताया कि इस स्टेडियम का काम 25 नवंबर 2025 को शुरू किया गया था और इसके जून 2026 तक पूरा होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि इस आधुनिक खेल स्टेडियम में फुटबॉल, हैंडबॉल और वॉलीबॉल जैसी खेलों के लिए मजबूत मैदान, जॉगिंग ट्रैक और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं में स्वस्थ सोच और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा मिलेगा।
इसके बाद कैबिनेट मंत्री श्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने अमृतसर-महिता रोड से महिता-ब्यास रोड (वाया दमदमी टकसाल गुरुद्वारा साहिब, महिता गांव) तक सड़क के किए जा रहे विशेष मरम्मत कार्य का भी जायज़ा लिया। उन्होंने बताया कि लगभग 58.49 लाख रुपये की लागत से इस सड़क की मरम्मत का कार्य स्पेशल रिपेयर स्कीम फंड के तहत सफलतापूर्वक चल रहा है और जल्द ही पूरा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि इस सड़क की कुल लंबाई 3.28 किलोमीटर है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी और इलाके के विकास को और गति मिलेगी।
लोक निर्माण मंत्री श्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने प्रदेशवासियों से अपील की कि यदि उनके गांव या आसपास कोई सड़क बन रही है तो वे उसकी गुणवत्ता पर जरूर ध्यान दें। यदि किसी को सड़क की गुणवत्ता में कोई कमी लगे तो वह तुरंत लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों या अपने विधायक के ध्यान में ला सकते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान द्वारा पहले ही सड़कों की गुणवत्ता जांचने के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड का गठन किया गया है, जो समय-समय पर सड़कों की गुणवत्ता की जांच करता है। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग द्वारा भी विभागीय स्तर पर ऐसी एक समिति का गठन किया गया है।
कैबिनेट मंत्री श्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान की सरकार आने वाले विधानसभा चुनावों में विकास के मुद्दे को लेकर जाएगी और 2027 में फिर से अपनी सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने जनता से किए गए वादों से भी अधिक काम किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और किसी भी भ्रष्टाचारी या नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा।

Check Also

पंजाब सरकार राज्य वासियों की उम्मीदों पर खरी उतरी : मोहिंदर भगत

कैबिनेट मंत्री ने ‘शानदार चार साल भगवंत मान दे नाल’ मुहिम के तहत जालंधर वासियों …