पंजाब सरकार के शानदार चार साल पूरे होने पर कैबिनेट मंत्री ई.टी.ओ. ने खुशी व्यक्त की

पंजाब सरकार ने लोगों के हितों के लिए किए गए हर एक वादे को पूरा किया
कैबिनेट मंत्री ई.टी.ओ. ने लोगों को सरकार के चार साल की उपलब्धियों से करवाया अवगत

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 26 मार्च 2026: पंजाब सरकार के चार साल पूरे होने पर लोक निर्माण मंत्री श्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने जंडियाला हलके के गांव छापा राम सिंह में लोगों के साथ सीधा संवाद शुरू किया और सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों तथा चार साल की उपलब्धियों के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि देश के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि किसी राज्य ने अपने नागरिकों के लिए 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा शुरू किया है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर देखा जाता था कि पिछली सरकारें केवल अपने अंतिम वर्ष में ही छोटे-मोटे विकास कार्य करके लोगों को प्रभावित करने की कोशिश करती थीं, लेकिन मुख्यमंत्री पंजाब श्री भगवंत सिंह मान की सरकार ने अपने कार्यकाल के पहले वर्ष से ही लोगों से किए गए वादों को पूरा करना शुरू कर दिया था।
मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार के शानदार चार साल पूरे होने पर श्री ई.टी.ओ. ने खुशी व्यक्त की और कहा कि इन चार वर्षों के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, औद्योगिक विकास और बुनियादी ढांचे में बड़े बदलाव किए गए हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन करते हुए स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू की गई, जिसके तहत हर वर्ग के प्रत्येक नागरिक को 10 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा दी गई है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक मजबूती के लिए सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1000 रुपये और एस.सी. वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपये की सहायता दी जा रही है। शिक्षा के क्षेत्र में करोड़ों रुपये खर्च कर बड़े सुधार किए गए हैं और सरकारी स्कूलों की सूरत बदली गई है, साथ ही प्राइवेट स्कूलों की तरह सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर पैदा किए गए हैं और बिना किसी सिफारिश के नौकरियां दी गई हैं। कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नशों के खिलाफ अभियान चलाया गया और इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि करोड़ों रुपये खर्च कर सड़कों का नवीनीकरण, पुलों का निर्माण और अन्य बड़े प्रोजेक्ट्स के माध्यम से बुनियादी ढांचे को मजबूत किया गया है।
कैबिनेट मंत्री ई.टी.ओ. ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा लोगों को बड़ी राहत देने के लिए 90% घरों के बिजली बिल शून्य आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने यह साबित कर दिया है कि यदि नीयत साफ हो तो कम समय में भी बड़े बदलाव लाए जा सकते हैं। आने वाले समय में भी भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब को तरक्की और खुशहाली की नई ऊंचाइयों तक ले जाया जाएगा।
इस मौके पर ब्लॉक प्रधान बलजिंदर सिंह, सरपंच शिवराज सिंह, ब्लॉक समिति सदस्य परमजीत कौर, सरपंच गांव छापा सिंह पलविंदर कौर, श्री कुलदीप सिंह बब्बलू, सरपंच इंद्रजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

Check Also

पंजाब सरकार राज्य वासियों की उम्मीदों पर खरी उतरी : मोहिंदर भगत

कैबिनेट मंत्री ने ‘शानदार चार साल भगवंत मान दे नाल’ मुहिम के तहत जालंधर वासियों …