लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: स्वास्थ्य मंत्री

कल्याण केसरी न्यूज़, पटियाला, 9 अप्रैल 2026: पंजाब सरकार द्वारा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से मोटे अनाज (मिलेट्स) के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इस संबंध में पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि “तंदुरुस्त और खुशहाल पंजाब” के निर्माण के लिए लोगों को मिलेट्स की ओर प्रेरित करना समय की आवश्यकता है।
वह आज बहावलपुर पैलेस में आयोजित “ईट राइट मिलेट मेला-2026” के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। यह मेला फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन, पंजाब (एफडीए) द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित किया गया।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि यदि हर पंजाबी स्वस्थ होगा तभी “रंगला पंजाब” का सपना साकार हो सकता है। इसके लिए सरकार द्वारा मिलेट्स के महत्व के बारे में जागरूकता फैलाने हेतु राज्य स्तरीय अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पटियाला में आयोजित यह मिलेट मेला इस दिशा में एक सराहनीय कदम है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में लोगों को स्वच्छ और शुद्ध भोजन उपलब्ध करवाने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। खाने में मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. बलबीर सिंह ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि राज्य के सभी जिलों में 15 दिनों का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान फूड सेफ्टी अधिकारी प्रतिदिन सुबह 9 से 11 बजे तक मौके पर मौजूद रहेंगे और खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच करेंगे। उन्होंने कहा कि हर जिले में मोबाइल लैबोरेटरी भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
उन्होंने खाद्य कारोबार से जुड़े व्यापारियों से अपील की कि वे अपने उत्पादों का पंजीकरण करवाएं और स्वच्छता तथा गुणवत्ता के मानकों का पालन करें। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने आम जनता से अपील की कि यदि खाने में किसी भी प्रकार की मिलावट की जानकारी मिले तो वे 9464494180 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यदि सैंपल सही पाया गया तो संबंधित व्यापारी को प्रमाणपत्र भी जारी किया जाएगा।
अंत में उन्होंने मीडिया का धन्यवाद करते हुए कहा कि वह सरकार की जनहितैषी नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
इस मौके पर कमिश्नर फूड एंड एडमिनिस्ट्रेशन पंजाब श्रीमती कंवलप्रीत बराड़ (आईएएस), एसडीएम गुरदेव सिंह धम्म, जॉइंट कमिश्नर फूड डॉ. अमित जोशी, लैब इंचार्ज श्रीमती रवनीत कौर, डीएचओ एवं नोडल अधिकारी फूड डॉ. गुरप्रीत कौर, फूड सेफ्टी अधिकारी श्री गौरव कुमार, श्री तरुण बंसल, श्री लवप्रीत सिंह तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र