Breaking News

चेयरमैन मलकीत सिंह थिंद ने पिछड़ी श्रेणियों की भलाई के लिए चल रही योजनाओं का लिया जायज़ा

योजनाओं का लाभ लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए अधिक से अधिक किया जाए प्रचार: चेयरमैन मलकीत सिंह थिंद

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 10 अप्रैल 2026: पंजाब सरकार द्वारा पिछड़ी श्रेणियों की भलाई के लिए चलाई जा रही योजनाओं का जायज़ा लेने और जरूरतमंद लोगों तक इन योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से पंजाब राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के चेयरमैन डॉ. मलकीत सिंह थिंद ने आज जिला प्रशासनिक परिसर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक विशेष बैठक की। इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह और अतिरिक्त कमिश्नर श्री रोहित गुप्ता भी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पिछड़े वर्ग के जरूरतमंद लोगों को सरकार की हर योजना की विस्तृत जानकारी दी जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति इन योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि ग्रांट और पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र प्राप्त करने में किसी को भी कठिनाई न आने दी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार सभी वर्गों के साथ-साथ पिछड़े वर्ग के लोगों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिया कि हर गांव और वार्ड स्तर पर योजनाओं के बारे में जागरूकता फैलाई जाए। उन्होंने कहा कि शगुन योजना, स्कॉलरशिप योजना और पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आय संबंधी जानकारी से वंचित लोगों में विशेष प्रचार की आवश्यकता है।
चेयरमैन मलकीत थिंद ने अधिकारियों से जानकारी लेते हुए कहा कि जिला और उपमंडल स्तर पर स्कूलों और कॉलेजों में भी इन योजनाओं की जानकारी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों तक पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि कई बार अभिभावकों को योजनाओं की जानकारी नहीं होती, जिससे वे इनका लाभ नहीं उठा पाते।
उन्होंने यह भी कहा कि पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवश्यक दस्तावेजों की पूरी जानकारी लाभार्थियों को दी जाए, ताकि वे बिना किसी परेशानी के जल्द प्रमाण पत्र बनवा सकें और योजनाओं का लाभ ले सकें। साथ ही प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया को भी स्पष्ट रूप से समझाया जाए।
इस दौरान उन्होंने शिक्षा विभाग द्वारा ओबीसी वर्ग के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी ली। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग, पीएसपीसीएल, मत्स्य पालन विभाग, कृषि विभाग, खाद्य आपूर्ति विभाग, रोजगार ब्यूरो, युवा सेवाएं विभाग और पुलिस विभाग के अधिकारियों से भी उनके विभागों की योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि इन योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक हर जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।
इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार के निर्देशों के अनुसार जिला प्रशासन पिछड़े वर्गों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोग द्वारा दिए गए निर्देशों को जमीनी स्तर पर लागू किया जाए।
इस मौके पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता अधिकारी श्री असीस इंदर सिंह, रामगढ़िया वेलफेयर सोसायटी के चेयरमैन श्री सतपाल सोखी, एसीपी कमलप्रीत सिंह, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी पी.एस. सहोता, पीएसपीसीएल के इंजीनियर मनदीप सिंह, डिप्टी जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार, बैकफिको से राज कुमार, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. नीलम, जिला कल्याण अधिकारी सुरिंदर सिंह ढिल्लो, डॉ. कुमार सिंह, श्री रणजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी/कर्मचारी और पिछड़ी श्रेणियों से संबंधित लोग उपस्थित थे।

Check Also

बीटूमिन की सप्लाई 60% घटी: कीमतें पचहत्तर फ़ीसदी बढ़ी, ठेकेदारों ने किया काम बंद: पीडब्ल्यूडी के 2000 करोड़ के कामों के सड़क निर्माण कार्य अटके

सरकार इम्पोर्टेड बिटूमीन न लगाने देने पर भड़के ठेकेदार , काम बंद करने पर विवश …