श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित मैराथन 12 सितंबर को अमृतसर में

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 8 सितंबर 2026: पंजाब सरकार के सांस्कृतिक मामले, पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग द्वारा श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित 5 किलोमीटर मैराथन अमृतसर में आयोजित की जा रही है।
डिप्टी कमिश्नर अमृतसर श्री दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि यह मैराथन 12 सितंबर 2026, दिन शनिवार को सुबह 7:00 बजे आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 5 किलोमीटर मैराथन की शुरुआत कंपनी बाग के मुख्य गेट से होगी। मैराथन नॉवेल्टी चौक, कस्टम चौक, रियाल्टो चौक, अशोका चौक, क्रिस्टल चौक, हुकम सिंह रोड तथा संत सिंह सुखा सिंह चौक से होते हुए वापस कंपनी बाग के मुख्य गेट पर पहुंचकर संपन्न होगी।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि मैराथन को सुचारू एवं सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जिला प्रशासन द्वारा मैराथन में भाग लेने वाले 650 धावकों को टी-शर्ट, रिफ्रेशमेंट, पीने का पानी एवं कैप उपलब्ध करवाने के प्रबंध किए गए हैं। इसके अलावा मैराथन रूट पर साफ-सफाई, पेयजल तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि पुलिस कमिश्नर, अमृतसर द्वारा मैराथन रूट पर ट्रैफिक एवं सुरक्षा के उचित प्रबंध किए जाएंगे। नगर निगम अमृतसर द्वारा रूट की साफ-सफाई एवं सैनिटेशन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी, जबकि सिविल सर्जन, अमृतसर द्वारा मेडिकल टीमों एवं एंबुलेंस आदि का प्रबंध किया जाएगा।
जिला खेल अधिकारी द्वारा मैराथन में भाग लेने वाले धावकों के पंजीकरण तथा खेलों से संबंधित अन्य व्यवस्थाएं की जाएंगी।
डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह ने जिला प्रशासन अमृतसर की ओर से जिले के समस्त निवासियों से अपील की कि वे श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित इस मैराथन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इसे सफल बनाने में अपना योगदान दें।

Check Also

एडिश्नल जिला मजिस्ट्रेट द्वारा विभिन्न पाबंदियों के आदेश जारी

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 8 सितंबर 2026: एडिश्नल जिला मजिस्ट्रेट, अमृतसर श्रीमती पल्लवी मिश्रा ने …