
कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 16 सितंबर 2026: कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर द्वारा पुलिसिंग और आपातकालीन रिस्पांस प्रणाली को और मजबूत करते हुए आज 10 नए पीसीआर वाहन शामिल किए गए हैं। इसके साथ ही हाल ही में पीसीआर में शामिल किए गए नए वाहनों की कुल संख्या 23 हो गई है। इसके साथ ही शहर में पुलिस की मौजूदगी और क्षेत्रीय कवरेज को और प्रभावी बनाने के लिए 68 पुलिस बीट्स को नए सिरे से बनाया और पुनर्गठित किया गया है।

नई व्यवस्था के तहत गैर-जरूरी ड्यूटियों से 126 पुलिस कर्मचारियों को पीसीआर और पुलिस थानों में पुनः तैनात किया गया है। इससे पुलिस थानों में आवश्यक मैनपावर सुनिश्चित करने के साथ-साथ फील्ड स्तर पर पुलिसिंग को और प्रभावी बनाया जाएगा।
तैनात किए गए पुलिस कर्मचारियों को कमिश्नर पुलिस, अमृतसर, हरमनबीर सिंह गिल, आईपीएस द्वारा स्वयं उनकी ड्यूटी, बीट की जिम्मेदारी, पेट्रोलिंग, अपराध रोकथाम और आपातकालीन कॉल्स पर तत्काल रिस्पांस के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर पुलिस बल के सुझाव भी लिए गए तथा उनकी समस्याओं और कठिनाइयों को सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए गए।
पीसीआर टीमों का मुख्य ध्यान अपराध रोकथाम, अपराधों की जांच, पेट्रोलिंग और 112 आपातकालीन कॉल्स पर तत्काल रिस्पांस देने पर रहेगा। PCR टीमों द्वारा लगभग 05 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

पुलिस बीट्स को जमीनी वास्तविकताओं और पुलिस थानों की सीमाओं के अनुसार पुनर्गठित किया गया है, ताकि क्षेत्रों के ओवरलैप को समाप्त करके पेट्रोलिंग को और प्रभावी बनाया जा सके। आपातकालीन स्थिति के दौरान तत्काल नाकाबंदी करने के लिए विभिन्न रेड अलर्ट पॉइंट्स की भी पहचान की गई है।
फील्ड स्तर पर पुलिस कर्मचारियों की तैयारी को और मजबूत करने के लिए पीसीआर कर्मचारियों को बीट बुक्स उपलब्ध कराई गई हैं, जिनमें सड़कों, अस्पतालों, एटीएम, रेलवे लाइनों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों से संबंधित आवश्यक जानकारी दर्ज की गई है।

इसके अलावा, वाहनों में किसी तकनीकी खराबी की स्थिति में तत्काल वैकल्पिक वाहन उपलब्ध करवाने के लिए रिजर्व मोटरसाइकिलें भी तैयार रखी गई हैं, ताकि पुलिस की आपातकालीन रिस्पांस सेवा में किसी प्रकार की बाधा न आए।
कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर द्वारा पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने, आपातकालीन रिस्पांस को और तेज करने तथा प्रभावी अपराध रोकथाम के लिए मैनपावर, वाहनों और अन्य संसाधनों की बेहतर तैनाती के माध्यम से लगातार कार्य किया जा रहा है।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र