एक सप्ताह में दूसरी घटना: डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा का अपमान संविधान और लोकतंत्र पर हमला
कल्याण केसरी न्यूज़, चंडीगढ़, 16 सितंबर 2026: भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने होशियारपुर के गांव बाड़ियां कलां में भारत के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा के साथ की गई बेअदबी की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब की प्रतिमा के अपमान का विरोध करने पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला तथा एससी मोर्चा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष शीतल अंगुराल पर किया गया हमला बेहद निंदनीय और शर्मनाक है।
केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा का अपमान केवल एक महान शख्सियत का अपमान नहीं, बल्कि भारतीय संविधान, लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों का भी अपमान है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर पंजाब में बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर जी की प्रतिमा से जुड़ी ऐसी दूसरी घटना सामने आना गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा लोगों की धार्मिक और सामाजिक भावनाओं की रक्षा करने में विफल रही है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा नेता जब इस घटना के प्रति रोष व्यक्त करने के लिए घटनास्थल पर पहुंचे, तो उन पर हमला किया जाना और भी निंदनीय है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
उन्होंने मांग की कि प्रतिमा का अपमान करने तथा भाजपा नेताओं पर हमला करने वाले व्यक्तियों की तत्काल पहचान कर उनके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाए और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र
