अवैध हथियार खरीदकर आगे सप्लाई कर रहे थे गिरफ्तार आरोपी: डीजीपी गौरव यादव
आगे की जांच जारी: सीपी अमृतसर हरमनबीर गिल

कल्याण केसरी न्यूज़, चंडीगढ़/अमृतसर, 22 सितंबर 2026: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों पर पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने आठ व्यक्तियों को 13 अवैध पिस्तौलों और 23 जिंदा कारतूसों सहित गिरफ्तार कर अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले छह नेटवर्कों का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने आज यहां दी।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान गुरदीप सिंह उर्फ दीप (24) और धर्मिंदर सिंह उर्फ भिंदा (34), दोनों निवासी गांव रंगड़ (अमृतसर ग्रामीण), अमित (23), निवासी गुरु की वडाली (अमृतसर), हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी नियाणा (26), निवासी नरायणगढ़ (अमृतसर), चमकौर सिंह (30), निवासी गांव वान तारा सिंह (तरनतारन), करनप्रीत सिंह (22), निवासी गांव नूरदी (तरनतारन), गौरव (26), निवासी कटड़ा करम सिंह (अमृतसर) और वरुण कुमार उर्फ विक्की गिल (33), निवासी भाई मंझ सिंह रोड (अमृतसर) के रूप में हुई है।
बरामद की गई पिस्तौलों में दो .30 बोर जिगाना (तुर्की निर्मित), दो .30 बोर (चीन निर्मित), एक 9 एमएम और आठ .30 बोर की पिस्तौल शामिल हैं। पिस्तौलों की बरामदगी के अलावा पुलिस टीमों ने तस्करी की गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किए जा रहे उनके एक्टिवा स्कूटर को भी जब्त कर लिया है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी कथित तौर पर विदेशी तस्करों से जुड़े हुए थे और अवैध हथियार खरीदकर आगे सप्लाई कर रहे थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों और अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क में शामिल अन्य सदस्यों के संबंधों का भी पता लगाया है।

डीजीपी ने कहा कि इस मामले में आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाया जा रहा है और मामले में शामिल अन्य सदस्यों का पता लगाने तथा हथियार तस्करी नेटवर्क को निष्क्रिय करने के लिए आगे की जांच की जा रही है।
ऑपरेशन संबंधी विवरण साझा करते हुए अमृतसर के पुलिस कमिश्नर (सीपी) हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पुलिस टीमों ने गुरदीप सिंह उर्फ ‘दीप’ और धर्मिंदर सिंह उर्फ ‘भिंदा’ को गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से दो पिस्तौल और सात जिंदा कारतूस बरामद किए।
उन्होंने बताया कि तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में पुलिस टीमों ने आरोपी अमित, हरप्रीत उर्फ ‘हैप्पी’ और चमकौर सिंह को गिरफ्तार किया तथा प्रत्येक के कब्जे से तीन-तीन पिस्तौल सहित जिंदा कारतूस बरामद किए।
एक अन्य कार्रवाई के बारे में बताते हुए सीपी ने कहा कि पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान करनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से एक पिस्तौल सहित छह जिंदा कारतूस बरामद किए। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम ने वरुण कुमार उर्फ ‘विक्की गिल’ और गौरव को भी गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से एक पिस्तौल सहित चार जिंदा कारतूस बरामद किए।
इस संबंध में अमृतसर में छह अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें एफआईआर नंबर 213 (दिनांक 15.09.2026), एफआईआर नंबर 215 (दिनांक 16.09.2026) और एफआईआर नंबर 219 (दिनांक 19.09.2026) शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत थाना छेहरटा में; एफआईआर नंबर 247 (दिनांक 23.08.2026) शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत थाना गेट हकीमा में; एफआईआर नंबर 205 (दिनांक 21.09.2026) शस्त्र अधिनियम की धारा 25(8) के तहत थाना सुल्तानविंड में तथा एफआईआर नंबर 164 (दिनांक 21.09.2026) शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत थाना डी-डिवीजन में दर्ज की गई है।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र