जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कार्ड बनाने के कार्य में और तेजी लाने के दिए निर्देश

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 21 फरवरी 2026: पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने जिला प्रबंधकीय परिसर अमृतसर में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत बनाए जा रहे कार्डों की समीक्षा की। इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री स. हरभजन सिंह ईटीओ, विधायक अजनाला स. कुलदीप सिंह ढालीवाल, विधायक अमृतसर केंद्रीय डॉ. अजय गुप्ता, विधायक अमृतसर पूर्वी श्रीमती जीवनजोत कौर, विधायक अमृतसर पश्चिमी डॉ. जरबीर सिंह संधू, विधायक अटारी स. जसविंदर सिंह रामदास, पंजाब हेल्थ सिस्टम्स कॉर्पोरेशन के चेयरमैन स. गुरशरण सिंह छीना, जिला प्रधान आम आदमी पार्टी प्रभबीर सिंह बराड़, प्रधान गुरप्रताप सिंह संधू सहित उपायुक्त श्री दलविंदरजीत सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त (जनरल) श्री रोहित गुप्ता, अतिरिक्त उपायुक्त (शहरी विकास) श्रीमती अमनदीप कौर, एसडीएम बाबा बकाला स. अमनदीप सिंह, एसडीएम अजनाला स. रविंदर सिंह अरोड़ा, सिविल सर्जन डॉ. सतिंदर सिंह बजाज तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत जिले में बनाए जा रहे कार्डों की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र लोगों को योजना का लाभ देने के लिए अधिक से अधिक कार्ड बनाए जाएं तथा इसके लिए कैंपों की संख्या बढ़ाई जाए। उन्होंने अधिकारियों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों से भी कहा कि वे इन कैंपों में जाकर कार्ड बनाने की प्रगति की नियमित समीक्षा करें।
इसके बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि राज्य के निवासी मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना से अत्यंत संतुष्ट हैं और बड़ी संख्या में लोग अपने कार्ड बनवा रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य के प्रत्येक परिवार को मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना का कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब तक राज्य में 9 लाख कार्ड बनाए जा चुके हैं और सोमवार तक यह संख्या 10 लाख से पार हो जाएगी।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत प्रति परिवार प्रतिवर्ष 10 लाख रुपये तक का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा प्रदान किया जा रहा है। इस योजना का उद्देश्य चिकित्सा आपात स्थिति के दौरान परिवारों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को पूरी तरह कम करना है। उन्होंने बताया कि सिविल सर्जनों को निर्देश दिए गए हैं कि सूचीबद्ध अस्पतालों में निर्बाध पंजीकरण और सेवाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी इलाज से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकतम पहुंच सुनिश्चित करने और वित्तीय बोझ कम करने के लिए सीएससी, आशा व पीआरआई प्रतिनिधियों के साथ निकट समन्वय बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत सभी सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क इलाज उपलब्ध होगा तथा 600 निजी अस्पतालों को भी इम्पैनल किया गया है।
विपक्षी दलों द्वारा फैलाई जा रही अफवाहों से राज्यवासियों को सावधान करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि विपक्ष जानबूझकर भ्रम की स्थिति पैदा कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह मान सरकार की गारंटी है कि प्रत्येक परिवार को मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत प्रतिवर्ष 10 लाख रुपये का चिकित्सा कवर मिलेगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वह लोगों को गुमराह कर रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ऐसी अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें।
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि हाल ही में अमृतसर पुलिस ने एक फर्जी स्वास्थ्य मंत्री को हिरासत में लिया है। उन्होंने कहा कि उक्त व्यक्ति एक डॉक्टर को फर्जी कॉल कर रहा था, जिस पर अमृतसर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उन्होंने ऐसे फर्जी और ठग प्रवृत्ति के लोगों को चेतावनी दी कि वे इस प्रकार की हरकतों से बाज आएं, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र