अधिकारियों को दरिया में गोबर/औद्योगिक गंदा पानी डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश

कल्याण केसरी न्यूज़, लुधियाना, 21 फरवरी 2026: बुड्ढा दरिया को साफ करने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने शनिवार को शहर के दौरे के दौरान बुद्धा दरिया पुनर्जीवन परियोजना का जायजा लिया।
राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल, मेयर प्रिंसिपल इंदरजीत कौर, नगर निगम आयुक्त डॉ. नीरू कतियाल गुप्ता, नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त परमदीप सिंह सहित अन्य अधिकारियों के साथ राज्यपाल कटारिया ने ताजपुर रोड स्थित ‘संगत घाट’ के निकट बुद्धा दरिया स्थल तथा ताजपुर रोड डेयरी कॉम्प्लेक्स में स्थित एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ईटीपी) का निरीक्षण किया।
राज्यपाल कटारिया ने ताजपुर रोड स्थित ‘संगत घाट’ के पास बुड्ढा दरिया में राज्यसभा सदस्य सीचेवाल और अन्य अधिकारियों के साथ नौका विहार भी किया। ‘संगत घाट’ की स्थापना सांसद सीचेवाल द्वारा चलाई जा रही ‘कार सेवा’ के अंतर्गत की गई है।
इसके बाद राज्यपाल कटारिया ने पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (पीएयू) में बुद्धा दरिया पुनर्जीवन परियोजना की समीक्षा के लिए बैठक की, जिसमें सांसद सीचेवाल, मेयर प्रिंसिपल इंदरजीत कौर, डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन, नगर निगम आयुक्त डॉ. नीरू कतियाल गुप्ता तथा पीपीसीबी, सीवरेज बोर्ड और मृदा संरक्षण विभाग के अन्य अधिकारियों ने भाग लिया।
राज्यपाल कटारिया ने कहा कि वे यह सुनिश्चित करने के लिए नियमित समीक्षा बैठकें कर रहे हैं कि बुद्धा दरिया को पुनर्जीवित करने की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दरिया में गोबर तथा औद्योगिक गंदा पानी डालने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि यह दरिया ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व भी रखता है तथा किसी को भी इसके जल को प्रदूषित करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। जमीनी स्तर पर प्रगति देखने का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां भी आवश्यकता हो, नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
बुद्धा दरिया में प्रदूषण कम करने के लिए निवासियों से सहयोग की अपील करते हुए राज्यपाल कटारिया ने कहा कि वे परियोजना की प्रगति की नियमित निगरानी कर रहे हैं।
Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र