अजनाला के सीमावर्ती इलाके से ड्रोन के जरिए भेजी गई नशे की खेप प्राप्त कर रहे थे गिरफ्तार व्यक्ति: डीजीपी गौरव यादव
नेटवर्क के आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी

कल्याण केसरी न्यूज़, चंडीगढ़/अमृतसर, 23 नवंबर 2026: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों पर पंजाब को सुरक्षित और नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए चलाई जा रही मुहिम के तहत काउंटर इंटेलिजेंस (सी.आई.) अमृतसर ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक नाबालिग सहित तीन व्यक्तियों को 17.5 किलो हेरोइन की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार कर सीमापार से संचालित नशा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने आज यहां दी।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान अरुण उर्फ रहमत और राहुल सिंह, दोनों निवासी नारायणगढ़, छेहरटा (अमृतसर) के रूप में हुई है, जबकि तीसरे आरोपी की पहचान एक नाबालिग के रूप में हुई है। हेरोइन की खेप बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने उनका काले रंग का ‘हीरो स्प्लेंडर’ मोटरसाइकिल भी जब्त किया है, जिसका इस्तेमाल नशीले पदार्थों को लाने-ले जाने के लिए किया जाता था।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी अजनाला के सीमावर्ती इलाके से ड्रोन के जरिए भेजी गई हेरोइन की खेप प्राप्त करके आगे सप्लाई कर रहे थे।
ऑपरेशन संबंधी जानकारी साझा करते हुए उन्होंने बताया कि सी.आई. अमृतसर की टीमों को पुख्ता सूचना मिली थी कि अरुण उर्फ रहमत, राहुल सिंह और उनके नाबालिग साथी ने कुछ अन्य अज्ञात साथियों के साथ मिलकर हाल ही में अजनाला के सीमावर्ती इलाके से हेरोइन की बड़ी खेप प्राप्त की है। वे इस नशीले पदार्थ को आगे सप्लाई करने के लिए अमृतसर-अजनाला रोड पर स्थित ‘अड्डा महल बुखारी’ की ओर जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और ‘अड्डा महल बुखारी’ के नजदीक तीनों संदिग्धों को 17.5 किलोग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार कर लिया।
डीजीपी ने कहा कि मामले में आगे-पीछे के संबंध स्थापित करने, अन्य आरोपियों की पहचान करने और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए आगे की जांच जारी है।
इस संबंध में थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), अमृतसर में मामला दर्ज किया गया है।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र