डिजिटल वैन के माध्यम से लोगों को जनगणना के बारे में किया जा रहा है जागरूक

कल्याण केसरी न्यूज़, जालंधर, 23 नवंबर 2026: जनगणना-2027 के संबंध में आम लोगों को जागरूक करने और इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया में लोगों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जालंधर में एल.ई.डी. से सुसज्जित विशेष वैन के माध्यम से जागरूकता फैलाई जा रही है।
इस विशेष वैन को एसई-कम-चार्ज अधिकारी जसपाल लक्खा द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया है, जो शहर के विभिन्न स्थानों पर लोगों को जनगणना के बारे में जागरूक करेगी।
श्री जसपाल ने बताया कि इस वैन के माध्यम से ऑडियो-वीडियो संदेशों के माध्यम से जनगणना-2027 के महत्व, इसकी प्रक्रिया और स्व-गणना की ऑनलाइन सुविधा के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के साथ-साथ नगर निगम द्वारा भी जनगणना प्रोग्राम के संबंध में अधिक से अधिक लोगों को अवगत कराने के लिए व्यापक प्रयास किए जा रहे है।
उन्होंने बताया कि जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना 16 नवंबर से शुरू हो चुकी है और 30 नवंबर 2026 तक जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्व-गणना के तहत ऑनलाइन पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से अपने और अपने परिवार के विवरण दर्ज करें। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्येक परिवार को एक विशिष्ट कोड जारी किया जाएगा, जिसे घर-घर जनगणना करने के लिए आने वाले अधिकृत कर्मचारी के साथ साझा करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने सभी शहरवासियों से अपील की कि वे स्व-गणना की प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने परिवार की सही जानकारी ऑनलाइन दर्ज करें। इस अवसर पर अन्य लोगों के अलावा शेखर मोतला, विनय मलहोत्रा और मयंक शर्मा भी मौजूद थे।

Check Also

26 नवंबर को मोगा की विशाल रैली से ‘रंगला पंजाब’ बनाने के नए अध्याय की होगी शुरुआत : आम आदमी पार्टी

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 23 नवंबर 2026: आम आदमी पार्टी की अमृतसर लीडरशिप की ओर …