
कल्याण केसरी न्यूज़, जालंधर, 21 जनवरी 2026: मुख्यमंत्री पंजाब सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार लोगों को सरकारी सुविधाएं उनके घरों के नजदीक उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी के तहत आज जंडियाला गुरु पी.एस.पी.सी.एल. के भवन में बने पांचवें सुविधा केंद्र का उद्घाटन करते हुए कैबिनेट मंत्री सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने बताया कि बिजली उपभोक्ताओं को सुविधाएं देने के लिए प्रदेश भर में विभिन्न स्थानों पर सुविधा केंद्र स्थापित किए गए हैं, ताकि लोगों को एक ही छत के नीचे सभी सेवाएं मिल सकें।
सरदार ई.टी.ओ. ने बताया कि इस सुविधा केंद्र के बनने से 1,01,258 बिजली उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा और वे इस सुविधा केंद्र में बिजली से जुड़े अनेक कार्य जैसे नए कनेक्शन जारी करना, मीटर बदलवाना, लोड बढ़ाना आदि करा सकेंगे। उन्होंने बताया कि इस सुविधा केंद्र की स्थापना पर लगभग एक करोड़ रुपये की लागत आई है और यहां उपभोक्ताओं के बैठने के लिए बेहतर इंतजाम, ए.सी. हॉल, बाथरूम, पीने का साफ पानी आदि सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कैबिनेट मंत्री ई.टी.ओ. ने बताया कि यह जिले का पांचवां बिजली सुविधा केंद्र है। उन्होंने कहा कि इससे पहले ये सुविधा केंद्र माल मंडी, ओ.सी.एम. मिल के पास, मजीठा रोड और हॉल गेट में चल रहे हैं, जहां उपभोक्ताओं को एक ही छत के नीचे सभी सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
सरदार ई.टी.ओ. ने कहा कि आज बने नए सुविधा केंद्र की इमारत की हालत पहले बहुत जर्जर थी और यहां उपभोक्ताओं के लिए कोई भी सुविधा नहीं थी। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारें केवल खोखले वादे करती थीं, जबकि हमारी पार्टी आम लोगों की पार्टी है और हम आम जनता के हितों के लिए काम करते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में हम विकास के नाम पर जनता की अदालत में जाएंगे और जीत हासिल कर दोबारा आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी।
इस मौके पर डिप्टी चीफ इंजीनियर पी.एस.पी.सी.एल. सरदार बलकार सिंह, एक्सईएन गुरमुख सिंह, मैडम सुनेना रंधावा, शहरी प्रधान सरबजीत सिंह डिंपी, श्री राज कुमार मल्होत्रा, कैप्टन हीरा सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र