लग रहा है बड़े भाई भगवंत मान को छोड़ छोटे भाई नायब सैनी जी के संरक्षण में ही अब बचेगी जान- गुरमीत बबलू

पंजाब में कानून-व्यवस्था पर सवाल, मानवाधिकार संगठन के पदाधिकारी को गैंगस्टर के नाम से जान से मारने की धमकी
पाकिस्तान और कनाडा के नंबरों से व्हाट्सऐप ग्रुप में गाड़ियों के नंबर तक बताकर दी गई धमकी, पुलिस कमिश्नर से सुरक्षा की गुहार

कल्याण केसरी न्यूज़, चंडीगढ़/अमृतसर, 2 फरवरी 2026: पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अमृतसर के वरिष्ठ समाजसेवी एवं इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स ऑर्गेनाइजेशन के पंजाब अध्यक्ष गुरमीत सिंह बबलू को कथित गैंगस्टरों द्वारा जान से मारने की धमकी दी गई है। इस संबंध में उन्होंने पुलिस कमिश्नर को लिखित शिकायत देकर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 2 फरवरी को गुरमीत सिंह बबलू को एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से व्हाट्सऐप पर गंभीर धमकियां मिलीं। बताया गया कि सुबह करीब 11:27 बजे, जब वे अपने निवास से कार्यालय जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी उनके मोबाइल नंबर 98148-88666 पर +14373354969 व +923000041561 से व्हाट्सऐप संदेश प्राप्त हुआ। आरोप है कि संदेश भेजने वाले ने अपशब्दों का प्रयोग करते हुए उन्हें गोली मारने और किसी भी स्थान पर छिपने के बावजूद जान से खत्म करने की धमकी दी।
इतना ही नहीं, कथित गैंगस्टर ने व्हाट्सऐप ग्रुप में उनकी गाड़ियों के नंबर तक साझा कर दिए, जिससे धमकी को और भी गंभीर माना जा रहा है। गुरमीत सिंह के अनुसार, धमकी मिलते ही उन्होंने तुरंत 112 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाई, जिसका रेफरेंस नंबर 2523756 है।
उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले भी उन्हें पाकिस्तान आधारित नंबरों और अन्य असामाजिक तत्वों की ओर से धमकियां मिल चुकी हैं, जिनकी शिकायतें पुलिस के पास पहले से लंबित हैं। वरिष्ठ नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता होने के नाते उन्होंने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए तथा उन्हें और उनके परिवार को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान की जाए।
पुलिस प्रशासन ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।

Check Also

रामगढ़िया सभा ने डॉ. नवदीप सिंह बंसल को किया सम्मानित

कल्याण केसरी न्यूज़, चंडीगढ़, 2 फरवरी 2026: विश्व भर में फैले 28 मिलियन से अधिक …