हवाई अड्डे का निजीकरण नहीं होने देंगे, पर्यटन बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 4 फरवरी 2026: प्रेस क्लब ऑफ अमृतसर द्वारा न्यू अमृतसर में “मीट द प्रेस” कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें अमेरिका में भारत के पूर्व राजदूत तथा अमृतसर लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी तरनजीत सिंह संधू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
उन्होंने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत के दौरान प्रेस क्लब की मांगों और समस्याओं से पूर्ण सहमति जताई तथा इनके समाधान के लिए हर संभव प्रयास करने का वादा किया। उन्होंने गुरु नगरी अमृतसर में पर्यटकों की आमद बढ़ाने के लिए अपना तीन-चार दिनों का ठहराव बहुत जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि इस दिशा में विशेष प्रयासों की आवश्यकता है ताकि पर्यटन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जा सके।

संधू ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निजीकरण किसी भी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अमृतसर हवाई अड्डे पर कार्गो सुविधा उपलब्ध है, लेकिन इसका केवल पाँच प्रतिशत ही उपयोग हो रहा है, जिसे बढ़ाने की जरूरत है। यूरोपीय संघ के साथ भारत के हालिया समझौते का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इससे भारतीय किसानों और आम लोगों को बहुत बड़ा लाभ होने वाला है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रेस क्लब ऑफ अमृतसर के अध्यक्ष राजेश गिल ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा क्लब की विभिन्न मांगें उनके सामने रखीं। इनमें क्लब कॉम्प्लेक्स में जिम, ऑडिटोरियम और कमरे बनवाना, ग्राउंड में लैंडस्केपिंग करवाना, हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया से बात करके टोल प्लाजा पर पीले/एक्रीडिटेशन कार्ड धारक पत्रकारों को मुफ्त पासिंग सुविधा दिलवाना तथा विदेशी प्रेस क्लबों के साथ टाई-अप करके विचारों का आदान-प्रदान शामिल था।
कार्यक्रम की समाप्ति से पहले वरिष्ठ उपाध्यक्ष जसवंत सिंह जस ने मुख्य अतिथि का धन्यवाद किया तथा भरोसा जताया कि सरदार संधू प्रेस क्लब की मांगों को प्राथमिकता देंगे।
इस अवसर पर महासचिव मनिंदर मोगा, उपाध्यक्ष विपन राणा, सचिव सतीश शर्मा, कोषाध्यक्ष कमल किशोर पहलवान सहित जिले भर से बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र