प्रदेश भर में 10 और 11 फरवरी को व्यापारियों की शिकायतों के समाधान हेतु विशेष जिला स्तरीय शिविर लगाए जाएंगे : शीतल जुनेजा

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 5 फरवरी 2026: पंजाब राज्य व्यापारी आयोग (पीएसटीसी) के सदस्य एवं माजा ज़ोन के प्रभारी श्री शीतल जुनेजा ने मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान तथा राज्य के वित्त, योजना, आबकारी एवं कर मंत्री हरपाल सिंह चीमा का व्यापारिक वर्ग की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का भरोसा दिलाने के लिए धन्यवाद किया है।
श्री शीतल जुनेजा ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि गत दिवस चंडीगढ़ में पंजाब के वित्त, योजना, आबकारी एवं कर मंत्री हरपाल सिंह चीमा द्वारा पंजाब राज्य व्यापारी आयोग (PSTC) की एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की गई। इस बैठक में व्यापारिक समुदाय के साथ संबंधों को और मजबूत करने, शिकायत निवारण प्रणालियों को बेहतर बनाने तथा जिला स्तर पर तकनीकी क्षमता बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा की गई।
उन्होंने बताया कि वित्त मंत्री श्री हरपाल सिंह चीमा ने जिला व्यापार समितियों के अध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापारियों से सक्रिय रूप से जुड़ें और जमीनी स्तर की समस्याओं पर फीडबैक प्राप्त करें। उन्होंने स्थानीय शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए 10 और 11 फरवरी को विशेष जिला स्तरीय शिविर लगाने की भी घोषणा की।
श्री जुनेजा ने कहा कि वित्त मंत्री ने निर्देश दिए हैं कि जिला स्तर पर हल होने वाली समस्याओं को योजनाबद्ध ढंग से दस्तावेज़ी रूप में दर्ज कर शीघ्र समाधान हेतु पंजाब राज्य व्यापारी आयोग को भेजा जाए। राज्य स्तर की कार्रवाई की आवश्यकता वाले जटिल मामलों और फीडबैक को उचित रूप से सूचीबद्ध कर आयोग के साथ साझा किया जाएगा ताकि प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।
बैठक के दौरान व्यापार समितियों के तकनीकी सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया गया। जीएसटी फाइलिंग से संबंधित प्रमुख तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे जिला समिति सदस्यों को व्यापारियों की सहायता करने हेतु आवश्यक ज्ञान प्राप्त हो सके।
श्री जुनेजा ने बताया कि बैठक में कराधान से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। विशेष रूप से जीएसटी जांच के दौरान कर अधिकारियों द्वारा व्यापारियों के साथ सहयोगात्मक और मित्रवत व्यवहार अपनाने, आने वाले दिनों में विभिन्न जिलों में बैठकें एवं शिकायत निवारण शिविर आयोजित करने तथा कर विभाग और व्यापारिक वर्ग के बीच समन्वय मजबूत करने पर सहमति बनी। वित्त मंत्री ने भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार जिला स्तर पर पहुंच और राज्य स्तर पर सशक्त नीति के माध्यम से पारदर्शी और व्यापार-अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र