हमारे बुज़ुर्ग हमारा मान” के तहत जंडियाला गुरु में जिला स्तरीय कैंप आयोजित


कल्याण केसरी न्यूज़, जंडियाला गुरु/अमृतसर, 7 फरवरी 2026: पंजाब सरकार द्वारा बुज़ुर्गों के कल्याण हेतु शुरू की गई फ्लैगशिप मुहिम “हमारे बुज़ुर्ग हमारा मान” के अंतर्गत सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से जगदीश सदन हॉल, डलियाणा मंदिर, जंडियाला गुरु में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में राज्य के लोक निर्माण मंत्री सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ. मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस जिला स्तरीय कैंप का उद्देश्य बुज़ुर्गों को सहज स्वास्थ्य सुविधाएं, सामाजिक सुरक्षा और सम्मान प्रदान करना है।
इस जिला स्तरीय कैंप के दौरान स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा बुज़ुर्गों की निःशुल्क संपूर्ण जेरियाट्रिक जांच (बुढ़ापे से संबंधित बीमारियां), ई.एन.टी. जांच तथा आंखों की जांच की गई और निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। इसके साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा विशेष स्टॉल लगाकर सीनियर सिटीजन कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित सुविधाएं भी एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाई गईं। जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण द्वारा माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम से संबंधित कानूनी जागरूकता भी प्रदान की गई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कैबिनेट मंत्री सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कैंप में आए बुज़ुर्गों का हाल-चाल जाना और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा स्टेट एक्शन प्लान फॉर सीनियर सिटीजन के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान 7.86 करोड़ रुपये खर्च कर बुज़ुर्गों के लिए व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं, जागरूकता और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि यह मुहिम मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की जन-केंद्रित और संवेदनशील सोच का प्रतीक है, जिसके अंतर्गत बुज़ुर्गों को सुरक्षित, स्वस्थ और सम्मानजनक जीवन प्रदान करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार के निर्देशों के अनुसार प्रत्येक जिले में ऐसे कैंप लगाए जा रहे हैं और जिला अमृतसर के जंडियाला गुरु में यह जिला स्तरीय कैंप आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि मान सरकार बुज़ुर्गों को केवल कल्याणकारी योजनाएं ही नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक सहारा प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों द्वारा शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। इस मौके पर एस.डी.एम. अमृतसर-1 श्री अमनप्रीत सिंह गिल, जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी असीस इंदर सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी गुरमीत सिंह, नरेश पाठक, सुनेना रंधावा, एडवोकेट राज कुमार मल्होत्रा, डॉ. रणजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

Check Also

सामाजिक सेवी संस्था वाइस ऑफ अमृतसर द्वारा मानव अधिकारों विषय पर सेमिनार आयोजित

एन.जी.ओ. मानव अधिकार आयोग की आंख और कान बनकर कार्य करें: जतिंदर सिंह शंटी कल्याण …