गुरशरण सिंह छीना ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह की मौजूदगी में पंजाब हेल्थ सिस्टम्स कॉरपोरेशन के चेयरमैन के रूप में कार्यभार संभाला


कल्याण केसरी न्यूज़, चंडीगढ़ / एस.ए.एस. नगर, 17 फरवरी 2026:
श्री गुरशरण सिंह छीना ने मंगलवार को पंजाब हेल्थ सिस्टम्स कॉरपोरेशन के चेयरमैन के रूप में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह की मौजूदगी में कार्यभार संभाला।
इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का विशेष रूप से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि वह अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाते हुए राज्य के सार्वजनिक स्वास्थ्य ढांचे को और मजबूत करने तथा सरकार की नशों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति को सशक्त बनाने के लिए काम करेंगे।
श्री छीना, जो पहले आम आदमी पार्टी पंजाब के संयुक्त सचिव रह चुके हैं, राजासांसी विधानसभा क्षेत्र में एक प्रमुख जन नेता के रूप में जाने जाते हैं और नशों के विरुद्ध मुहिम में अपनी सक्रिय भूमिका के लिए पहचाने जाते हैं।
डॉ. बलबीर सिंह ने श्री छीना को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए कहा कि वह सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को और मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करेंगे। उन्होंने नए चेयरमैन से अपील की कि नशा विरोधी अभियान के दौरान दिखाई गई ऊर्जा और प्रतिबद्धता को प्रशासनिक कार्यों में भी जारी रखें और यह सुनिश्चित करें कि सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक समय पर पहुंचे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में नशों के खिलाफ चल रहा अभियान दीर्घकालिक योजना है और पंजाब सरकार युवाओं के भविष्य को नशों के खतरे से बचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, जबकि विपक्षी दल चुनावी गणित में व्यस्त हैं।
मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना की प्रगति की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत मरीजों को सरकारी तथा सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में भर्ती से लेकर छुट्टी तक नकदी रहित इलाज की सुविधा मिलती है। राज्य में 23 अस्पतालों में गंभीर देखभाल इकाइयाँ स्थापित की गई हैं, जिससे जीवन रक्षक सेवाओं की पहुंच में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
इस मौके पर विधायक बटाला अमनशेर सिंह शैरी कलसी, पंजाब वाटर सप्लाई एवं सीवरेज बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सनी सिंह अहलूवालिया, प्रबंध निदेशक पंजाब हेल्थ सिस्टम्स कॉरपोरेशन अमित तलवार, उप चेयरमैन पी एच एस सी मनिंदरजीत सिंह विक्की घनौर, सोनिया मान तथा अन्य अधिकारी एवं नेता भी उपस्थित रहे।

Check Also

विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने ट्यूबवेल और सड़कों को बनवाने के विकास कार्य का किया उद्घाटन

कहा , लोगों को मूलभूत सुविधाएं पहुंचना उनका उद्देश्य कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 13 मार्च …