कांग्रेस का बड़ा हमला: 48,000 रुपये का बकाया दिए बिना महिलाओं से वोट मांगना शर्मनाक
अमृतसर में जुटी कांग्रेस लीडरशिप; कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर सरकार को घेरा

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 5 मार्च 2026: पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आज जिला कांग्रेस कार्यालय में एक विशाल प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान सांसद गुरजीत सिंह औजला, पूर्व मंत्री डॉ. राजकुमार वेरका, पूर्व विधायक सुनील दत्ती, पूर्व विधायक जुगल किशोर शर्मा, पूर्व विधायक अनिल जोशी और जिला अध्यक्ष सौरभ मिट्ठू मदान ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर तीखे हमले किए। सांसद औजला ने कहा कि ‘आप’ सरकार ने केवल विज्ञापनों के जरिए विकास का भ्रम पैदा किया है, जबकि हकीकत में पंजाब कर्ज और अपराध के दलदल में धंस चुका है।
महिलाओं के साथ सबसे बड़ा धोखा
सांसद औजला ने कहा कि सरकार ने चुनाव से पहले महिलाओं को 1000 रुपये प्रति माह देने का वादा किया था। पिछले चार वर्षों का प्रति महिला 48,000 रुपये बकाया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “मुख्यमंत्री को नया वादा करने से पहले पुराना 48,000 रुपया देकर पंजाब की माताओं-बहनों से माफी मांगनी चाहिए। अब दोबारा चुनाव आते देख ये फिर से झूठे वादों की पोटली लेकर निकल पड़े हैं।”
शिक्षा और स्वास्थ्य का ‘मॉडल’ खोखला
शिक्षा पर बोलते हुए औजला ने कहा कि ‘स्कूल ऑफ एमिनेंस’ के नाम पर पहले से बने स्कूलों (जैसे मॉल रोड और छेहरटा स्कूल) को केवल बाहर से रंग-रोगन कर निजी कंपनियों को ठेका दे दिया गया है। कई स्कूलों में स्थायी प्रिंसिपल तक नहीं हैं। स्वास्थ्य सेवाओं पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने 16 मेडिकल कॉलेजों के विज्ञापन दिए, लेकिन एक की भी नींव नहीं रखी गई। उन्होंने कहा, “जब मुख्यमंत्री खुद बीमार होते हैं तो फोर्टिस (प्राइवेट अस्पताल) जाते हैं, कम से कम एक टेस्ट तो आम आदमी पार्टी में करवा कर देखें।”
जंगलराज की ओर बढ़ता पंजाब
राज्य की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पंजाब में लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। व्यापारियों को सरेआम फिरौती की कॉल आ रही हैं और मना करने पर गोलियां चलाई जा रही हैं। गांवों में शाम के बाद लोग असुरक्षित महसूस करते हैं। इसी असुरक्षा के कारण पंजाब की इंडस्ट्री और इन्वेस्टमेंट दूसरे राज्यों में पलायन कर रही है।
भ्रष्टाचार और दिल्ली का दखल
सांसद ने आरोप लगाया कि तहसील और थानों में भ्रष्टाचार 10 गुना बढ़ गया है। पंजाब का पैसा विज्ञापन के नाम पर बाहरी कंपनियों को लुटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब की कमान दिल्ली के हाथों में है; हर विभाग में दिल्ली का हस्तक्षेप है, जिससे अधिकारी स्वतंत्र रूप से काम नहीं कर पा रहे हैं।
कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प
अंत में उन्होंने कहा कि अकाली दल और भाजपा अपनी आंतरिक फूट से जूझ रहे हैं, जबकि कांग्रेस एकजुट है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे पंजाब को बचाने के लिए कांग्रेस की धर्मनिरपेक्ष सोच का साथ दें। इस अवसर पर उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी जिसे भी टिकट देगी, पूरी कांग्रेस एकजुट होकर उसे जिताएगी। इस अवसर पर पार्षद नरिंदर सिंह तुंग, बलदेव सिंह संधू सहित अन्य उपस्थित थे।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र