विधायक डॉ अजय गुप्ता ने 100 से ज्यादा महिलाओं को किया सम्मानित

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 5 मार्च 2026: महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके छोटे कारोबार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ” अपना कारोबार अपनी पहचान” मुहिम के तहत आज अमृतसर में विशेष कैंप आयोजित किए गए हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें अलग-अलग क्षेत्रों में अपना छोटा व्यवसाय चला रही महिलाओं को
सम्मानित किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र से विधायक डॉ अजय गुप्ता ने कहा कि यह मुहिम खास तौर पर महिलाओं को प्रोत्साहित करने के लिए शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं की भागीदारी लगभग 50 प्रतिशत है और वे घर तथा समाज दोनों जगह महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, लेकिन कई बार उनकी मेहनत को उचित पहचान नहीं मिल पाती।
डॉ अजय गुप्ता ने कहा कि बहुत सी महिलाएं घर से ही सिलाई-कढ़ाई, ब्यूटी पार्लर, सैलून, ट्यूशन सेंटर और अन्य छोटे-मोटे कारोबार के माध्यम से अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बना रही हैं। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ऐसी मेहनती महिलाओं को समाज में एक नई पहचान देना और उनका हौसला बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र से 100 से अधिक महिलाओं की सूची तैयार कर उन्हें इस कैंप के दौरान सम्मानित किया गया।
विधायक डॉ गुप्ता ने कहा कि इन महिलाओं में से कुछ चयनित महिलाओं को चंडीगढ़ भी भेजा जाएगा, जहां उन्हें सरकारी स्तर पर बड़े मंच पर सम्मानित किया जाएगा। इससे न केवल इन महिलाओं का मनोबल बढ़ेगा बल्कि अन्य महिलाओं को भी अपने पैरों पर खड़े होने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयासों से महिलाओं में अपने काम के प्रति गर्व की भावना पैदा होती है। जब उन्हें यह महसूस होता है कि समाज और सरकार उनकी मेहनत की सराहना कर रहे हैं, तो उनका आत्मविश्वास और भी बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाना है, ताकि वे अपने परिवार और समाज के विकास में और अधिक योगदान दे सकें। इस अवसर पर बबीता जायसवाल, रितु महाजन, करुणा आनंद, मोना महाजन, रुचि, सोनिया बहल , शारदा देवी, ज्योति और भारी संख्या में महिलाएं शामिल थी।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र