अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर डिप्टी कमिश्नर द्वारा 33 महिला बी.एल.ओ. को किया गया सम्मानित

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 10 मार्च 2026: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर डिप्टी कमिश्नर अमृतसर श्री दलविंदरजीत सिंह द्वारा जिला अमृतसर के 11 विधानसभा क्षेत्रों में अपनी ड्यूटी को ईमानदारी, लगन और समर्पण भावना से निभाने वाली 33 महिला बूथ लेवल अधिकारियों (बी.एल.ओ.) को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस मौके पर उन्हें प्रशंसा पत्र देकर चुनाव प्रक्रिया में निभाई गई उनकी उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना की गई।
डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए सही और अपडेट मतदाता सूची बहुत महत्वपूर्ण होती है, जिसमें बी.एल.ओ. की भूमिका केंद्रीय महत्व रखती है। उन्होंने बी.एल.ओ. को चुनाव प्रक्रिया की अहम कड़ी बताते हुए कहा कि महिला बी.एल.ओ. घर-घर जाकर योग्य मतदाताओं की पहचान करती हैं और नए मतदाताओं का पंजीकरण तथा संशोधन कर चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू बनाने में अहम योगदान दे रही हैं।
डिप्टी कमिश्नर ने महिला बी.एल.ओ. द्वारा निभाई जा रही सेवाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी समर्पित कार्यशैली अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने सम्मानित महिला बी.एल.ओ. के साथ बातचीत भी की और उनसे ड्यूटी के दौरान आने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही उन्हें आश्वासन दिया कि यदि ड्यूटी निभाते समय किसी प्रकार की समस्या आती है तो जिला प्रशासन द्वारा उसका तुरंत समाधान किया जाएगा।
डिप्टी कमिश्नर ने सम्मानित महिला बी.एल.ओ. को बधाई देते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी तरह निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी शिक्षा)-कम-जिला स्वीप नोडल अधिकारी श्री राजेश शर्मा, चुनाव तहसीलदार श्री इंदरजीत सिंह, चुनाव कानूनगो श्री रजिंदर सिंह, स्वीप इंचार्ज सौरव खोसला, श्री राज कुमार और पंकज कुमार भी उपस्थित थे।

Check Also

‘युद्ध नशे के विरुद्ध’: जमशेर खास में नशा तस्कर की गैर-कानूनी इमारत ध्वस्त

कल्याण केसरी न्यूज़, जालंधर, 10 मार्च 2026: पंजाब सरकार की नशा विरोधी मुहिम ‘युद्ध नशे …