
कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 14 सितंबर 2026: सरकार की हिदायतों के अनुसार खरीफ-2026 के दौरान पराली न जलाने संबंधी किसानों को जागरूक करने के लिए जिला प्रशासन अमृतसर द्वारा आज विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर अमृतसर श्री दलविंदरजीत सिंह ने कार्यालय डिप्टी कमिश्नर से प्रचार वैनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि ये प्रचार वैनें जिला अमृतसर के विभिन्न गांवों में जाकर किसानों को पराली न जलाने तथा पराली के उचित प्रबंधन के लिए जागरूक करेंगी। उन्होंने कहा कि पराली जलाने से वातावरण प्रदूषित होता है, भूमि की उपजाऊ शक्ति प्रभावित होती है, मित्र कीट नष्ट होते हैं तथा खेती के लिए लाभदायक पोषक तत्व भी नष्ट हो जाते हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों के दौरान जिला प्रशासन तथा कृषि विभाग के संयुक्त प्रयासों से पराली जलाने की घटनाओं में भारी कमी आई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस वर्ष भी किसान धान की पराली को आग लगाए बिना इसका उचित प्रबंधन करेंगे।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी पराली का उचित प्रबंधन करने वाले किसानों को जिला स्तरीय किसान प्रशिक्षण कैंप में ‘हीरो किसान’ के तौर पर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे पराली को आग लगाने की बजाय इसके उचित प्रबंधन के लिए कृषि विभाग की सेवाओं तथा उपलब्ध मशीनरी का लाभ उठाएं।
इस अवसर पर मुख्य कृषि अधिकारी अमृतसर श्री अमरजीत सिंह दोसांझ ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा गांव तथा ब्लॉक स्तर पर जागरूकता कैंप आयोजित कर किसानों को पराली न जलाने संबंधी जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग इस अभियान के तहत किसानों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि किसान भाई पराली प्रबंधन के लिए मशीनरी तथा अन्य तकनीकी जानकारी प्राप्त करने के लिए अपने नजदीकी ब्लॉक कृषि कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर अमृतसर श्रीमती पल्लवी मिश्रा, श्री गुरप्रीत सिंह, विषय वस्तु विशेषज्ञ श्री हरभिंदर सिंह, कृषि अधिकारी ब्लॉक मजीठा श्री सुखचैन सिंह, प्रोजेक्ट डायरेक्टर (आत्मा) श्री सुखमनप्रीत कौर, कृषि विकास अधिकारी तथा डिप्टी पी.डी. (आत्मा) श्री हरनेक सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र