
कल्याण केसरी न्यूज़, जालंधर, 23 सितंबर 2026: पंजाब स्टेट फूड कमीशन के सदस्य चेतन प्रकाश धालीवाल ने जिला जालंधर के अचानक दौरे के दौरान राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013 के अधीन चल रही विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण किया।
पंजाब स्टेट फूड कमीशन के सदस्य ने सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (लड़के) गोराया, सरकारी प्राइमरी स्मार्ट स्कूल व सरकारी मिडिल स्कूल रुड़का खुर्द, सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (लड़के) तथा सरकारी प्राइमरी स्मार्ट स्कूल बड़ा पिंड का दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने सरकारी स्कूलों में चल रही मिड-डे मील योजना का जायजा लिया और स्टाफ को मिड-डे मील की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा राशन को सुरक्षित तरीके से रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद आंगनवाड़ी केंद्रों की चेकिंग की गई। इसके पश्चात कमीशन के सदस्य ने राशन डिपुओं का निरीक्षण किया और गेहूं के वितरण संबंधी मौके पर निर्देश दिए।
इस दौरे के दौरान श्री धालीवाल ने लाभार्थियों को कमीशन के हेल्पलाइन नंबर 9876764545 तथा ईमेल punjabfoodcommission@gmail.com से भी अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013 के अंतर्गत चल रही योजनाओं संबंधी जिले के अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) के पास भी शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र