कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 1 अक्टूबर 2026 : कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा रबी 2026 की फसलों की खेती संबंधी तकनीकी जानकारी किसानों तक पहुंचाने के लिए जिला स्तरीय किसान प्रशिक्षण शिविर 8 अक्टूबर 2026, दिन वीरवार को इंदर फार्म, जी.टी. रोड, जंडियाला गुरु, अमृतसर में आयोजित किया जा रहा है।
माननीय स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ., कैबिनेट मंत्री लोक निर्माण विभाग, पंजाब सरकार इस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे, जबकि श्री दलविंदरजीत सिंह, आई.ए.एस., माननीय डिप्टी कमिश्नर, अमृतसर इस शिविर का उद्घाटन करेंगे।
इस संबंधी जानकारी देते हुए मुख्य कृषि अधिकारी स. अमरजीत सिंह दोसांझ ने बताया कि शिविर के दौरान किसानों को रबी की विभिन्न फसलों की खेती संबंधी विशेषज्ञों द्वारा नवीनतम एवं तकनीकी जानकारी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा किसानों को कृषि से संबंधित विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं द्वारा चलाई जा रही योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में भी अवगत करवाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह किसान प्रशिक्षण शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा। इस अवसर पर विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं द्वारा प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी, जहां किसानों को कृषि से संबंधित नवीनतम तकनीकों, उपकरणों तथा सरकारी सुविधाओं संबंधी जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी।
उन्होंने जिले के सभी किसानों को इस किसान प्रशिक्षण शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लेने का निमंत्रण दिया।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र