प्रकट दिवस की तैयारियों संबंधी डिप्टी कमिश्नर ने संत समाज एवं विभिन्न धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
प्रकट दिवस को समर्पित विभिन्न शोभा यात्राएं पहुंचेंगी श्री वाल्मीकि तीर्थ स्थल
शोभा यात्रा के मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे: डिप्टी कमिश्नर

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 1 अक्टूबर 2026 : हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भगवान श्री वाल्मीकि जी का प्रकट दिवस पूरी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा। 26 अक्टूबर को मनाए जा रहे प्रकट दिवस की तैयारियों संबंधी डिप्टी कमिश्नर अमृतसर श्री दलविंदरजीत सिंह ने संत समाज एवं विभिन्न धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
बैठक के दौरान संत समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भगवान वाल्मीकि महाराज जी के प्रकट दिवस को समर्पित धार्मिक कार्यक्रमों एवं शोभा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल, रामतीर्थ, अमृतसर में होने वाले मुख्य समारोह में देश-विदेश से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवान वाल्मीकि महाराज जी का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में विभिन्न राज्यों एवं जिलों से संगतों द्वारा शोभा यात्राएं निकाली जाएंगी। 4 अक्टूबर को लुधियाना से शोभा यात्रा भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल, रामतीर्थ पहुंचेगी। इसके अलावा 9, 10 एवं 11 अक्टूबर को संगत हॉल में रामलीला कमेटियों द्वारा अखंड ज्योत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसी श्रृंखला के तहत 18 अक्टूबर को जालंधर से लगभग 35 से 40 हजार श्रद्धालु भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल पहुंचेंगे। इसके अलावा 22 अक्टूबर को भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल से अमृतसर शहर में शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जबकि 24 अक्टूबर को केंद्रीय वाल्मीकि मंदिर, हाथी गेट, अमृतसर से शहर के अंदरूनी क्षेत्रों में शोभा यात्रा निकाली जाएगी।
भगवान वाल्मीकि महाराज जी का प्रकट दिवस 26 अक्टूबर 2026 को भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल, रामतीर्थ में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे तथा तीर्थ स्थल पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह ने कहा कि इस समारोह को पूरे उत्साह एवं श्रद्धा भावना के साथ मनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न कमेटियां गठित की गई हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए कंट्रोल रूम, ट्रैफिक, सैनिटेशन, डेकोरेशन, लंगर, मेडिकल सुविधाओं और पीने वाले पानी के प्रबंध प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किए जाएं।
उन्होंने पी.डब्ल्यू.डी. अधिकारियों एवं ट्रैफिक इंचार्ज अमृतसर को शोभा यात्रा वाले दिन तथा प्रकट दिवस के अवसर पर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्री रामतीर्थ तथा वहां तक जाने वाले मार्ग की पूरी तरह सफाई सुनिश्चित की जाए।
डिप्टी कमिश्नर ने नगर निगम के अधिकारियों को तीर्थ स्थल पर सीवरेज लाइन की सफाई करवाने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि शोभा यात्रा के अमृतसर पहुंचने पर उसका भव्य स्वागत किया जाएगा तथा पूरे मार्ग पर शोभा यात्रा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे।
बैठक में नगर निगम के कमिश्नर श्री बिक्रमजीत सिंह शेरगिल, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) श्रीमती पल्लवी मिश्रा, श्री वाल्मीकि तीर्थ श्राइन बोर्ड के जी.एम. श्री मधुर भाटिया ई.टी.ओ., श्री मलकीत नाथ, श्री रविंदर हंस, श्री ओ.पी. गब्बर, श्री शशी गिल, श्री पवन दराविड़ के अलावा बड़ी संख्या में संत समाज एवं विभिन्न धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र