गांव बेरियांवाला से रवाना हुई तीर्थ यात्रा बस श्रद्धालुओं को श्री आनंदपुर साहिब, श्री कीरतपुर साहिब और श्री नैना देवी धाम के करवाएगी दर्शन

कल्याण केसरी न्यूज़, जंडियाला गुरु/अमृतसर, 5 अक्टूबर 2026: पंजाब के लोक निर्माण मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने आज विधानसभा हलका जंडियाला गुरु के गांव बेरियांवाला से हलके की 64वीं तीर्थ यात्रा बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस बस के माध्यम से श्रद्धालुओं को श्री आनंदपुर साहिब, श्री कीरतपुर साहिब और श्री नैना देवी धाम के दर्शन करवाए जाएंगे।
श्रद्धालुओं को रवाना करते हुए कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना चलाई जा रही है, जिसके तहत प्रदेशवासियों को विभिन्न धार्मिक स्थलों के निःशुल्क दर्शन करवाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा पूरी तरह निःशुल्क है। यात्रियों को धार्मिक स्थलों तक ले जाने और वापस लाने के अलावा यात्रा के दौरान ठहरने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी राज्य सरकार द्वारा की जाती हैं, ताकि हर वर्ग के लोग बिना किसी आर्थिक बोझ के अपनी धार्मिक आस्था के अनुसार तीर्थ स्थलों के दर्शन कर सकें।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि अब तक प्रदेश भर में पांच लाख से अधिक श्रद्धालु विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन कर चुके हैं और प्रतिदिन अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से तीर्थ यात्रा की बसें रवाना की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा हलका जंडियाला गुरु में आज 64वीं तीर्थ यात्रा बस रवाना की गई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेशवासी मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना से पूरी तरह संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि तीर्थ यात्रा करने वाले बुजुर्गों द्वारा भी इस पहल की सराहना की जा रही है। उनका मानना है कि पंजाब सरकार ने उन्हें तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाकर ‘श्रवण पुत्र’ की भूमिका निभाई है।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र