266.95 करोड़ रुपये की लागत वाली नहरी जल आधारित बहुपक्षीय जल आपूर्ति योजना से 167 गांवों के 45 हजार से अधिक घरों को मिलेगा स्वच्छ पेयजल: हरदीप सिंह मुंडियां

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 5 अक्टूबर 2026: सीमावर्ती जिला अमृतसर के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को स्वच्छ एवं पीने योग्य पानी उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से आज राज्य के जल आपूर्ति एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री स. हरदीप सिंह मुंडियां द्वारा नहरी जल आधारित बहुपक्षीय जल आपूर्ति योजना कंदोवाली एंड मजूपुरा का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर उनके साथ विधानसभा हलका अजनाला के विधायक स. कुलदीप सिंह धालीवाल, जल आपूर्ति एवं स्वच्छता विभाग के प्रशासनिक सचिव श्री रामवीर, आई.ए.एस., हलका मजीठा से स. तलबी़र सिंह गिल, हलका राजासांसी से मैडम सोनिया मान सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को इस परियोजना की शुरुआत की बधाई देते हुए कैबिनेट मंत्री ने बताया कि नहरी जल आधारित बहुपक्षीय जल आपूर्ति योजना के तहत नहरी पानी को ट्रीट करके पीने योग्य बनाने के लिए 39 एम.एल.डी. क्षमता वाला वाटर ट्रीटमेंट प्लांट अपर बारी दोआब नहर की लाहौर ब्रांच पर कंदोवाली एंड मजूपुरा में स्थापित किया गया है। इसके अलावा 285.97 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जा रही है तथा गांवों में 20 जल टंकियां भी बनाई जानी हैं।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना पर 266.95 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं और इस योजना के तहत अजनाला, मजीठा, हरशा छीना तथा चोगावां ब्लॉकों के 167 गांवों को कवर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत अजनाला ब्लॉक के 101, हरशा छीना के 56, मजीठा के 9 तथा चोगावां के 1 गांव को कवर किया जा रहा है। इस पानी को पाइपलाइन नेटवर्क के माध्यम से संबंधित गांवों तक पहुंचाया जाएगा। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि इस योजना के माध्यम से लगभग 45,343 घरों में रहने वाले 2,65,994 ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति उपलब्ध करवाने का लक्ष्य है।
स. हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य भूजल पर निर्भरता को कम करके लोगों को नहरी पानी पर आधारित स्वच्छ, शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के कुछ गांवों में भूजल में टी.डी.एस. तथा आर्सेनिक जैसे तत्वों की मात्रा बढ़ने के कारण कई गांवों में पीने के पानी की समस्या उत्पन्न हो रही थी। इसी कारण लोगों को स्वच्छ एवं शुद्ध पानी उपलब्ध करवाने के लिए यह परियोजना शुरू की गई है।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना का कार्य 10 नवंबर 2020 को शुरू हुआ था तथा योजना के पूर्ण होने के बाद अगले 10 वर्षों तक इसका रखरखाव संबंधित एजेंसी द्वारा किया जाएगा।
स. मुंडियां ने कहा कि यह परियोजना ग्रामीण लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के साथ-साथ पानी से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं को कम करने तथा लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। नहरी पानी की आपूर्ति उपलब्ध होने से गांववासियों को सुरक्षित पेयजल मिलेगा और स्वस्थ एवं बेहतर जीवन के लिए मजबूत आधार तैयार होगा। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार राज्यवासियों को पीने के लिए स्वच्छ एवं शुद्ध पानी उपलब्ध करवाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इससे पहले कैबिनेट मंत्री स. हरदीप सिंह मुंडियां द्वारा इस परियोजना की पूरी कार्यप्रणाली का जायजा भी लिया गया।
इस अवसर पर विधायक स. कुलदीप सिंह धालीवाल ने नहरी जल आधारित बहुपक्षीय जल आपूर्ति योजना शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान तथा पूरी पंजाब सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के शुरू होने से हमारे क्षेत्र के लोगों को पीने के लिए स्वच्छ एवं शुद्ध पानी उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि मान सरकार ने हमेशा ऐसे लोकहितैषी प्रयासों के माध्यम से आम जनता को बड़ी सुविधाएं प्रदान की हैं और आज का दिन हलका अजनाला के लिए बेहद विशेष है। उन्होंने इस परियोजना को रिकॉर्ड समय में पूरा करने के लिए जल आपूर्ति मंत्री तथा विभाग के समस्त अधिकारियों का भी धन्यवाद किया।
इस अवसर पर जल आपूर्ति एवं स्वच्छता विभाग के प्रशासनिक सचिव श्री रामवीर ने इस परियोजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जल आपूर्ति विभाग द्वारा इस परियोजना के अंतर्गत आने वाले सभी 167 गांवों तक स्वच्छ एवं शुद्ध पानी उपलब्ध करवाया जाएगा।
इस अवसर पर स. तलबी़र सिंह गिल तथा सोनिया मान द्वारा भी इस परियोजना की शुरुआत करने के लिए मान सरकार का धन्यवाद किया गया।
इस अवसर पर जल आपूर्ति एवं स्वच्छता विभाग के चीफ इंजीनियर आर.के. खोसला, निगरान इंजीनियर स. गुरप्रीत सिंह, कार्यकारी इंजीनियर साहिल आनंद, एस.डी.एम. अजनाला श्रीमती चारुमित्रा, जे.एम.सी. एल.सी.ई.एस.पी.एल. (कल्पतरु) कंपनी के जी.एम. रजनीश, जी.एम. श्री दर्शन सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी भी उपस्थित थे।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र