विदेशी तस्करों के इशारे पर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त कर रहा था गिरफ्तार आरोपी: डीजीपी गौरव यादव
आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी: आईजीपी गुरप्रीत भुल्लर

कल्याण केसरी न्यूज़, चंडीगढ़/अमृतसर, 5 अक्टूबर 2026: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों पर पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर देहात पुलिस ने एक व्यक्ति को एक एके-47 असॉल्ट राइफल (मैगजीन और नौ जिंदा कारतूसों सहित) तथा दो हैंड ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार कर अवैध हथियार और विस्फोटक सप्लाई करने वाले एक नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी पंजाब के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) गौरव यादव ने आज यहां दी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नवजोत सिंह (28) के रूप में हुई है, जो पेशे से ट्रक ड्राइवर है और तरनतारन के गांव चीमा का रहने वाला है। हथियारों और विस्फोटकों की बरामदगी के अलावा पुलिस टीमों ने आरोपी की मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिसका इस्तेमाल वह खेपों की सप्लाई के लिए करता था।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी कथित तौर पर विदेशी तस्करों से जुड़ा हुआ था और अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में शामिल था। उन्होंने बताया कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने और इसके आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
ऑपरेशन के संबंध में जानकारी साझा करते हुए इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (आईजीपी), बॉर्डर रेंज, गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि खुफिया सूचना पर कार्रवाई करते हुए अमृतसर देहात पुलिस की विशेष टीमों ने अभियान चलाया और मोटरसाइकिल पर जा रहे आरोपी को रोककर हिरासत में ले लिया। उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान पुलिस टीमों ने मैगजीन और जिंदा कारतूसों सहित एक एके-47 असॉल्ट राइफल तथा दो जिंदा हैंड ग्रेनेड बरामद किए।
अमृतसर देहात के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि यह कार्रवाई एसपी (जांच) रामनदीप सिंह, डीएसपी गुरिंदरपाल सिंह नागरा और डीएसपी अटारी यादविंदर सिंह की निगरानी में की गई।
इस संबंध में एफआईआर नंबर 425, दिनांक 30-09-2026 को आर्म्स एक्ट की धारा 25(8) और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराओं 3, 4 और 5 के तहत अमृतसर देहात के थाना घरिंडा में मामला दर्ज किया गया है।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र