गांव देवीदासपुरा की संगत श्री आनंदपुर साहिब, श्री कीरतपुर साहिब और श्री नैना देवी धाम के करेगी दर्शन
पंजाबवासी मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना से पूरी तरह संतुष्ट : हरभजन सिंह ई.टी.ओ.

कल्याण केसरी न्यूज़, जंडियाला गुरु/अमृतसर, 7 अक्टूबर 2026: पंजाब के लोक निर्माण मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. द्वारा आज विधानसभा हलका जंडियाला गुरु के गांव देवीदासपुरा से हलके की 65वीं तीर्थ यात्रा बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस बस के माध्यम से संगत को श्री आनंदपुर साहिब, श्री कीरतपुर साहिब और श्री नैना देवी धाम के दर्शन करवाए जाएंगे।
संगत को रवाना करने के अवसर पर कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना चलाई जा रही है, जिसके तहत प्रदेशवासियों को विभिन्न धार्मिक स्थलों के नि:शुल्क दर्शन करवाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा पूरी तरह नि:शुल्क है। यात्रियों को धार्मिक स्थलों तक ले जाने और वापस लाने के अलावा यात्रा के दौरान रहने-सहने सहित आवश्यक प्रबंध भी पंजाब सरकार द्वारा किए जाते हैं, ताकि हर वर्ग के लोग बिना किसी आर्थिक बोझ के अपनी धार्मिक आस्था के अनुसार तीर्थ स्थलों के दर्शन कर सकें।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि अब तक प्रदेशभर में पांच लाख से अधिक श्रद्धालु विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन कर चुके हैं और प्रतिदिन विभिन्न विधानसभा हलकों से तीर्थ यात्रा की बसें रवाना हो रही हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा हलका जंडियाला गुरु में आज 65वीं तीर्थ यात्रा बस रवाना की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासी मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना से पूरी तरह संतुष्ट हैं।
तीर्थ यात्रा करने वाले बुजुर्गों द्वारा भी इस पहल की सराहना की जा रही है। उनका कहना है कि पंजाब सरकार ने उन्हें तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाकर ‘श्रवण पुत्र’ की भूमिका निभाई है।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र