लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने प्रकट दिवस की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ की बैठक

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 7 अक्टूबर 2026: पंजाब सरकार द्वारा भगवान वाल्मीकि जी के प्रकट दिवस के संबंध में 26 अक्टूबर को भगवान महर्षि वाल्मीकि तीर्थ (राम तीर्थ) में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। इस राज्य स्तरीय प्रकट दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने आज जिला प्रशासनिक परिसर में अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल श्राइन बोर्ड के एडवाइजरी बोर्ड के चेयरमैन श्री बाल योगी बाबा प्रगट नाथ जी, डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह, विधानसभा क्षेत्र राजासांसी की हलका इंचार्ज मैडम सोनिया मान, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) श्रीमती पल्लवी मिश्रा, एस.डी.एम. लोपोके स. मनबीर सिंह, जी.एम. श्री मधुर भाटिया सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए लोक निर्माण मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा इस वर्ष भी भगवान वाल्मीकि जी का प्रकट दिवस पूरी धूमधाम और श्रद्धा भावना के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 26 अक्टूबर को भगवान महर्षि वाल्मीकि तीर्थ (राम तीर्थ) में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश से श्रद्धालु शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में विभिन्न राज्यों और जिलों से श्रद्धालुओं की शोभा यात्राएं पहुंचनी शुरू हो गई हैं। उन्होंने बताया कि 4 अक्टूबर को लुधियाना से शोभा यात्रा भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल, रामतीर्थ में पहुंची थी और इसके बाद 9, 10 तथा 11 अक्टूबर को संगत हॉल में रामलीला कमेटियों द्वारा अखंड ज्योत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इसी कड़ी के तहत 18 अक्टूबर को जालंधर से लगभग 35 से 40 हजार श्रद्धालु भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल पर पहुंचेंगे। 22 अक्टूबर को भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल से अमृतसर शहर में शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जबकि 24 अक्टूबर को केंद्रीय वाल्मीकि मंदिर, हाथी गेट, अमृतसर से शहर के अंदरूनी हिस्सों में शोभा यात्रा निकाली जाएगी।
लोक निर्माण मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि इस समारोह के आयोजन के लिए जिला प्रशासन द्वारा 19 अलग-अलग समितियां गठित की गई हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए कंट्रोल रूम, ट्रैफिक, स्वच्छता, सजावट, लंगर, चिकित्सा सुविधाओं और पीने के पानी की व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने पी.डब्ल्यू.डी. अधिकारियों तथा ट्रैफिक इंचार्ज अमृतसर को शोभा यात्रा वाले दिन और प्रकट दिवस के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से नियंत्रित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्री वाल्मीकि तीर्थ की सड़कों के किनारे और डिवाइडरों पर उगी घास-फूस एवं झाड़ियों को हटाया जाए तथा स्वागत द्वार लगाए जाएं।
बैठक के दौरान भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल श्राइन बोर्ड के एडवाइजरी बोर्ड के चेयरमैन श्री बाल योगी बाबा प्रगट नाथ जी तथा विधानसभा क्षेत्र राजासांसी की हलका इंचार्ज मैडम सोनिया मान ने भी अपने सुझाव दिए।
डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार के निर्देशों के तहत जिला प्रशासन द्वारा प्रकट दिवस समारोह के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा-सुविधा में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र