
कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 7 अक्टूबर 2026: फर्स्ट पंजाब बटालियन एनसीसी, अमृतसर द्वारा आयोजित 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान आज एनसीसी कैडेटों को अटारी-वाघा सीमा पर रिट्रीट सेरेमनी एवं झंडा उतारने की रस्म देखने का अवसर मिला। इस दौरान कैडेटों ने पूरे जोश, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ इस विशेष समारोह का आनंद लिया।
रिट्रीट सेरेमनी के दौरान कैडेटों ने उत्साहपूर्वक “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारे लगाए। देशभक्ति के गीतों पर कैडेटों द्वारा प्रस्तुत नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
शिविर कमांडेंट कर्नल जी.पी. सिंह ने बताया कि 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान कैडेटों को सैन्य प्रशिक्षण के साथ-साथ खेलकूद, मनोरंजन, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा विभिन्न आउटडोर विजिट भी करवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शिविर में कैडेटों को पौष्टिक आहार और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
कर्नल जी.पी. सिंह ने कहा कि कैडेटों को अटारी-वाघा सीमा पर रिट्रीट सेरेमनी दिखाने का मुख्य उद्देश्य उनमें देश के प्रति प्रेम, राष्ट्रवाद और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां कैडेटों में अनुशासन, एकता, आत्मविश्वास और राष्ट्रीय भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने कहा कि एनसीसी का उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता, देशभक्ति तथा निःस्वार्थ सेवा की भावना विकसित करना है। अटारी-वाघा सीमा जैसे महत्वपूर्ण स्थानों का भ्रमण कैडेटों को देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे जवानों के जज्बे, साहस और समर्पण को करीब से महसूस करने का अवसर प्रदान करता है।
इस अवसर पर लेफ्टिनेंट हरमनप्रीत सिंह उप्पल, लेफ्टिनेंट अनिल कुमार, मेजर प्रदीप कुमार, लेफ्टिनेंट सतिंदर सिंह, कैप्टन सुखपाल सिंह संधू, हवलदार कुलदीप सिंह सहित एनसीसी स्टाफ तथा बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट उपस्थित रहे।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र