कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 13 नवंबर 2026: भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर फोटो मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी किया गया है। इस संबंध में 12 नवंबर, 2026 को प्रारंभिक फोटो मतदाता सूचियों के प्रकाशन के बाद जारी किए गए प्रेस नोट में विशेष अभियान के दिनों को लेकर संशोधन किया गया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी, अमृतसर श्री दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि पहले 14 नवंबर (शनिवार), 15 नवंबर (रविवार) और 29 नवंबर (रविवार), 2026 को विशेष अभियान के दिन निर्धारित किए गए थे। अब इन दिनों में बदलाव करते हुए 22 नवंबर (रविवार) और 06 दिसंबर (रविवार), 2026 को विशेष अभियान के दिन निर्धारित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि उक्त दोनों विशेष अभियान वाले दिनों में सभी बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे और योग्य नागरिकों से मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने, विवरण में संशोधन करवाने तथा अन्य आवश्यक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।
इसके अलावा, मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 12 नवंबर, 2026 से 11 दिसंबर, 2026 तक पहले की तरह जारी रहेगी। योग्य नागरिक अपना वोट बनवाने के लिए फॉर्म नंबर 6, मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म नंबर 8 और वोट कटवाने के लिए फॉर्म नंबर 7 भर सकते हैं।
डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी ने सभी योग्य नागरिकों से अपील की कि वे संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 22 नवंबर और 06 दिसंबर, 2026 को अपने संबंधित मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदाता सूची की जांच करें तथा आवश्यकता के अनुसार अपने दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाएं।
मतदाता सूची से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त करने के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र
