Breaking News

संत निरंकारी मिशन द्वारा निरंकारी कॉलोनी अमृतसर में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 22 नवंबर 2026: अमृतसर: मानवता की सेवा एवं परोपकार की भावना को समर्पित संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन (संत निरंकारी मिशन) द्वारा आज संत निरंकारी सत्संग भवन, निरंकारी कॉलोनी, अमृतसर में एक विशाल रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर का औपचारिक उद्घाटन अमृतसर ज़ोन के ज़ोनल इंचार्ज आदरणीय श्री राकेश सेठी जी द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने सत्संग में भी शिरकत की और उपस्थित संगत को मानवता की भलाई के लिए निःस्वार्थ भाव से सेवा करने तथा ऐसे पुण्य कार्यों में बढ़-चढ़कर योगदान देने के लिए प्रेरित किया।


रक्तदान शिविर में क्षेत्र की बड़ी संख्या में बहनों एवं भाइयों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया। अमृतसर के विभिन्न स्थानों से पहुंचे महात्माओं और श्रद्धालुओं ने मानवता के प्रति अपने कर्तव्य और सेवा-भावना का प्रमाण दिया। शिविर में सिविल अस्पताल, अमृतसर तथा गुरु नानक देव अस्पताल, अमृतसर के ब्लड बैंकों की विशेष मेडिकल टीमों के सहयोग से कुल 195 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
इस अवसर पर संत निरंकारी मिशन, अमृतसर ज़ोन के प्रबंधकों ने मिशन द्वारा चलाई जा रही रक्तदान सेवा की ऐतिहासिक यात्रा एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संत निरंकारी मिशन पिछले 40 वर्षों से निरंतर रक्तदान शिविरों के माध्यम से मानवता की सेवा कर रहा है। अब तक मिशन द्वारा देशभर में कुल 9,174 रक्तदान शिविर लगाए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से 15 लाख यूनिट से अधिक रक्त एकत्रित किया गया है। इस सेवा की बदौलत लगभग 45 लाख अनमोल जीवन बचाने में सहयोग मिला है।


प्रबंधकों ने बताया कि सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के पावन आशीर्वाद एवं प्रेरणा से मानवता की सेवा की यह मुहिम निरंतर आगे बढ़ रही है। इसी माह तरनतारन, दीनानगर और जंडियाला गुरु में तीन और रक्तदान शिविर लगाए जा रहे हैं, जबकि आगामी दिसंबर माह में चार अतिरिक्त रक्तदान शिविर लगाने की योजना है।
शिविर के समापन अवसर पर ज़ोनल इंचार्ज आदरणीय श्री राकेश सेठी जी ने सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज की पावन शिक्षा और संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि आज युवाओं, बच्चों तथा बहनों-भाइयों में सेवा और मानवता के प्रति जो उत्साह और समर्पण दिखाई दे रहा है, वह सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के आशीर्वाद और प्रेरणा का ही परिणाम है। उन्होंने स्मरण करवाया कि सतगुरु बाबा हरदेव सिंह जी महाराज ने मानवता को प्रेरित करते हुए संदेश दिया था कि “रक्त नाड़ियों में बहना चाहिए, नालियों में नहीं।” इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए निरंकारी राजपिता रमित जी ने भी स्वयं रक्तदान कर सेवा की प्रेरणादायक मिसाल पेश की।


उन्होंने कहा कि सतगुरु जी की शिक्षा और प्रेरणा की बदौलत श्रद्धालु निरंतर मानवता की सेवा के कार्यों में अपना योगदान दे रहे हैं और इसी सेवा-भावना, समर्पण तथा आशीर्वाद से आज का रक्तदान शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
अंत में उन्होंने सभी रक्तदाताओं, सिविल अस्पताल और गुरु नानक देव अस्पताल की ब्लड बैंक टीमों तथा निरंकारी सेवादल के स्वयंसेवकों का तहे दिल से धन्यवाद किया, जिनके सहयोग, समर्पण एवं अथक प्रयासों से यह सेवा कार्य सफल हुआ।

40 वर्षों से मानवता की सेवा में निरंकारी मिशन
संत निरंकारी मिशन पिछले 40 वर्षों से रक्तदान शिविरों के माध्यम से मानवता की सेवा कर रहा है। अब तक देशभर में 9,174 शिविरों के जरिए 15 लाख यूनिट से अधिक रक्त एकत्रित किया जा चुका है, जिससे लगभग 45 लाख लोगों का जीवन बचाने में सहयोग मिला है।

Check Also

थाना रणजीत एवेन्यू की नई बिल्डिंग के उद्घाटन अवसर पर श्री सुखमनी साहिब जी का करवाया गया पाठ

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 22 नवंबर 2026: कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर द्वारा शहर में कानून-व्यवस्था को …